भक्ति और उल्लास के साथ मनाया तेजेश्वर महादेव मंदिर का प्रथम पाटोत्सव

ram

जयपुर। सोडाला स्थित वीर तेजाजी धाम मंदिर (पुराना तेजाजी धाम) परिसर में बने तेजेश्वर महादेव मंदिर एवं श्रीराम दरबार का प्रथम पाटोत्सव रविवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर दिनभर विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया। मंदिर पुजारी मूलचंद शर्मा ने बताया कि पाटोत्सव के तहत सुबह 9 बजे भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यह यात्रा वैकुण्ड धाम से प्रारंभ होकर अजमेर रोड और न्यू सांगानेर रोड होते हुए मंदिर परिसर पहुंची। कलश यात्रा में सैकड़ों महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर मंगल कलश धारण कर भक्ति गीत गाते हुए शामिल हुईं, जिससे पूरे मार्ग पर भक्तिमय वातावरण बन गया। यात्रा मार्ग में विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। पाटोत्सव के दौरान मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन, धार्मिक अनुष्ठान एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया। ज्योतिष आचार्यों एवं विद्वान पंडितों के सान्निध्य में विधिवत हवन संपन्न हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने आहुति देकर परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके अलावा विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। आयोजन के सफल संचालन में मंदिर समिति एवं स्थानीय श्रद्धालुओं का विशेष योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *