जयपुर। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पोषण पखवाड़ा जिला स्तरीय कार्यक्रम शनिवार को मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर में संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ। पोषण पखवाड़ा 9 अप्रैल से 23 अप्रैल 2026 तक पूरे देश में मनाया जा रहा है। 11 हजार अमृत पोषण वाटिकाओं का होगा निर्माण; पटेल ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार बाल कल्याण और नारीशक्ति के उत्थान के लिए कृत संकल्पित है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केन्द्रों में बच्चों के समग्र विकास तथा खेल आधारित शिक्षा के लिए लगभग 323 करोड़ रुपये की लागत से खेल सामग्री एवं ‘जादुई पिटारा’ उपलब्ध करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूह के आजीविका संवर्द्धन की दृष्टि से लगभग 500 करोड़ रुपये की लागत से 11 हजार अमृत पोषण वाटिकाओं का निर्माण करवाया जाएगा।
अर्ली चाइल्डहुड केयर डेवलपमेंट एंड एजुकेशन पॉलिसी लाई जाएगी: पटेल ने कहा कि बजट घोषणा के अनुरूप ‘राजस्थान स्टेट अर्ली चाइल्डहुड केयर डेवलपमेंट एंड एजुकेशन पॉलिसी’ लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि 11 हजार 924 आंगनबाड़ियों में मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण सम्बन्धी कार्यों हेतु 246 करोड़ रुपये की लागत से मरम्मत कार्य करवाये जा रहे हैं।
नारी शक्ति वंदन अधिनियम से मिलेगा समुचित राजनीतिक प्रतिनिधित्व; संसदीय कार्य मंत्री ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से मातृशक्ति को लोकसभा एवं राज्यों की विधानसभाओं में 33 फीसदी आरक्षण से राजनीतिक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक कदम महिलाओं को निर्णय लेने की प्रक्रिया में भागीदार बनाकर उन्हें सशक्त करेगा और राष्ट्र के समावेशी विकास में उनकी भूमिका को और सुदृढ़ करेगा।
मुख्यमंत्री सुपोषण न्यूट्री किट योजना: विधि मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सुपोषण न्यूट्री किट योजना के तहत गर्भवती महिलाओं की पोषण सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि हम सभी को मिलकर एक ऐसा राजस्थान बनाना है जहां हर बच्चा स्वस्थ, हर महिला सुपोषित और हर परिवार खुशहाल हो।
20 महिलाओं के दिए नियुक्ति पत्र: कार्यक्रम में विधि मंत्री ने 20 महिलाओं को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका के पद पर नियुक्ति पत्र प्रदान किए। साथ ही 2 महिलाओं को यूनिफार्म के लिए और एक लाभार्थी को पीएम मातृ वंदना के तहत चेक का वितरण किया गया। पटेल ने 8वां पोषण पखवाड़ा के पोस्टर का विमोचन किया। उन्होंने 5 लाभार्थियों को सुपोषण न्यूट्री किट का भी वितरण किया। कार्यक्रम में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष कुमार मिश्रा सहित जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।

संसदीय कार्य मंत्री के मुख्य आतिथ्य में पोषण पखवाड़ा जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित, डबल इंजन की सरकार बाल कल्याण और नारीशक्ति के उत्थान के लिए कृत संकल्पित : पटेल
ram


