जयपुर। राजस्थान विधान सभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने मंगलवार को विधान सभा में विश्व नवकार महामंत्र दिवस पर प्रकाशित पोस्टर का लोकार्पण किया। इस पोस्टर का प्रकाशन जीतो जयपुर की विभिन्न शाखाओं ने संयुक्त रूप से किया है। इस अवसर पर जयपुर ग्रेटर नगर निगम के निवर्तमान उप महापौर पुनीत कर्णावट के नेतृत्व में जीतो जयपुर के प्रतिनिधिमंडल ने विधान सभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी को 9 अप्रैल को जयपुर के मालवीय नगर के आचार्य तुलसी मार्ग स्थित अणुविभा केन्द्र में आयोजित होने वाले “विश्व नवकार महामंत्र दिवस” के भव्य कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया। प्रतिनिधिमंडल में जीतो जयपुर चैप्टर की चेयरपर्सन सलोनी जैन, महामंत्री हितेश भांडिया, कार्यक्रम संयोजक देवांग शाह और पुष्पेश कांकरिया उपस्थित थे। इस मौके पर जीतो जयपुर के प्रतिनिधियों ने बताया कि अणुविभा केन्द्र में विश्व नवकार महामंत्र दिवस जयपुर में विराजित आचार्य, साधु एवं साध्वीगण के सानिध्य में आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन में राष्ट्र संत आचार्य सुन्द्रर सागर महाराज सहसंघ, आचार्य शशांक सागर महाराज सहसंघ, अणुव्रत आचार्य महाश्रमण के सुशिष्य मुनि तम्बरूचि और सुधाकर कुमार ठाणा तथा साध्वी मणिप्रभा साध्वी वृंद उपस्थित रहेंगे। नवकार महामंत्र के सामूहिक जाप के माध्यम से विश्व में शांति, सद्भाव एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने का आह्वान किया जाएगा।

राजस्थान विधानभा अध्यक्ष ने विश्व नवकार महामंत्र दिवस पोस्टर का किया लोकार्पण
ram


