रामनवमी मेला एवं संत राजाराम जी महाराज का जन्मोत्सव, प्रभु राम सनातन के गौरव, सत्य के संवाहक और धर्म के रक्षक, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में तीर्थ स्थलों का हो रहा विकास : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

ram

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भगवान राम भारत की आत्मा और सनातन के गौरव हैं। वे मर्यादा के प्रतीक, सत्य के संवाहक, धर्म के रक्षक और सेवा के सर्वाेच्च आदर्श हैं। राम का जीवन हमें सिखाता है कि चरित्र, कर्तव्य और करुणा का स्थान पद एवं प्रतिष्ठा से सदैव ऊंचा है। मुख्यमंत्री गुरुवार को जोधपुर के शिकारपुरा (लूणी) स्थित राजाराम आंजणा आश्रम में आयोजित रामनवमी मेले तथा सिद्ध संत राजाराम जी महाराज के 144वें जन्मोत्सव को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रदेशवासियों को रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रामनवमी का पावन पर्व और संत राजाराम जी महाराज का जन्मोत्सव एक ही दिन होना आध्यात्मिक परंपरा का अद्भुत संगम है। प्रभु राम के आदर्शों को संत राजाराम जी महाराज ने जन-जन तक पहुंचाने का महान कार्य किया। वे एक तपस्वी ही नहीं, बल्कि एक महान समाज सुधारक भी थे।

प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सनातन संस्कृति का पुनर्जागरण
शर्मा ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सनातन संस्कृति के पुनर्जागरण का कार्य हो रहा हैं। अयोध्या में प्रभु रामलला के भव्य मंदिर का निर्माण, वाराणसी से लेकर महाकाल महालोक कॉरिडोर सहित प्रमुख तीर्थस्थलों के आधारभूत ढांचे और सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

बेटियों की शिक्षा और गौवंश संरक्षण सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बाल विवाह उन्मूलन और बालिका शिक्षा के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत बालिकाओं का जन्मोत्सव मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गौ संरक्षण के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ कार्य किया जा रहा है। गौ संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रदेश की गौशालाओं को 3 हजार 400 करोड़ रुपये से अधिक का अनुदान वितरित किया गया है। साथ ही, 1 लाख 37 हजार से अधिक निराश्रित गौवंश को सुरक्षित आवासित किया गया है।

86 हजार से अधिक वरिष्ठ नागरिकों ने की तीर्थ यात्रा
उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों को सांस्कृतिक चेतना के केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। राजकीय मंदिरों में धार्मिक कार्यक्रमों के लिए 25 करोड़ 38 लाख रुपये की स्वीकृति जारी की गई है। वहीं, वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्री योजना के माध्यम से अब तक 86 हजार से अधिक बुजुर्गों को तीर्थ यात्रा करवाई जा चुकी है।

युवाओं को मिल रहे रोजगार के पर्याप्त अवसर
शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार रामजल सेतु लिंक परियोजना, इंदिरा गांधी नहर के पुनर्निर्माण सहित विभिन्न कार्यों से पानी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कर रही है। युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। राज्य सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरों टॉलरेंस की नीति के लिए संकल्पित है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। जोधपुर को एलिवेटेड रोड देने के लिए भी कार्य जारी है। केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए आह्वान किया कि प्रदेशवासी प्रभु राम के आदर्शों और सिद्धांतों को आत्मसात करें, ताकि एक सशक्त और सुसंस्कृत समाज बने। गुजरात विधानसभा अध्यक्ष शंकर भाई चौधरी ने कहा कि संत दयाराम जी महाराज के नेतृत्व में समाज व्यसन मुक्त होते हुए शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में अग्रणी रूप से सहभागिता निभा रहा है। यह सभी के लिए अनुकरणीय है। संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि संत राजाराम जी महाराज ने जीवनभर मानव सेवा और सामाजिक उत्थान के लिए कार्य किया। सांसद मदन राठौड़ ने कहा कि इस पावन धाम और पावन संतों के सानिध्य से ही नई पीढ़ी का उत्थान संभव है। सामाजिक सरोकारों के साथ सांस्कृतिक एवं पारंपरिक जुड़ाव से ही समाज, प्रदेश और देश का विकास हो सकता है। इससे पहले मुख्यमंत्री ने शिकारपुरा धाम के गादीपति संत दयाराम जी महाराज का अभिवादन कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने यहां मेले का अवलोकन किया तथा शिकारपुरा के संत राजाराम आश्रम के ऐतिहासिक मंदिर एवं समाधि स्थल के दर्शन किए। शर्मा ने श्रद्धालुओं का आत्मीयता के साथ अभिवादन भी किया। इस अवसर पर पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत, मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग, जीव जंतु कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष जसवंत सिंह विश्नोई, सांसद पीपी चौधरी, लुंबा राम चौधरी सहित विभिन्न विधायकगण, जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *