पश्चिमी विक्षोभ से बदला राजस्थान का मौसम, गर्मी पर लगा ब्रेक

ram

जयपुर। राजस्थान में लगातार सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिल रहा है। जहां कुछ दिन पहले तक गर्मी का असर बढ़ने लगा था, वहीं अब बादल, बारिश और ठंडी हवा ने तापमान को नीचे ला दिया है।

शनिवार को एक नया सिस्टम सक्रिय हुआ, जिसके प्रभाव से जैसलमेर, बाड़मेर और श्रीगंगानगर जैसे सीमावर्ती जिलों में मौसम पूरी तरह बदल गया।

पिछले 24 घंटों के दौरान बीकानेर, जैसलमेर, बाड़मेर, श्रीगंगानगर और फलोदी क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई। जैसलमेर के रामगढ़ और कुछड़ी इलाकों में तेज बारिश के कारण खेतों में पानी भर गया, जिससे कटी हुई फसलें खराब हो गईं और किसानों को नुकसान उठाना पड़ा।

मौसम के इस बदलाव का असर तापमान पर भी साफ दिखाई दिया। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री, जैसलमेर में 31.4, जोधपुर में 32.4 और बीकानेर में 31.6 डिग्री सेल्सियस मापा गया।

जयपुर में भी तापमान 28.6 डिग्री तक ही पहुंच सका। पाली में सबसे अधिक 32.9 डिग्री तापमान मापा गया।

दिन के साथ-साथ रात के तापमान में भी गिरावट आई है। प्रदेश के लगभग सभी शहरों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। अलवर में 12.9 डिग्री, चूरू में 15.6, जयपुर में 16.7 और सीकर में 15 डिग्री तापमान मापा गया, जिससे रात में हल्की ठंडक महसूस होने लगी है।

मौसम विभाग ने रविवार के लिए प्रदेश के आठ जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।

जोधपुर, बीकानेर, अजमेर और जयपुर संभाग के कई इलाकों में मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, एक और कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है, जिसका असर मुख्य रूप से पश्चिमी राजस्थान और शेखावाटी क्षेत्र में देखने को मिलेगा। हालांकि इसके बाद प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अगले चार-पांच दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *