जयपुर। अतिरिक्त मुख्य सचिव पर्यटन, कला-साहित्य एवं संस्कृति तथा पुरातत्व प्रवीण गुप्ता ने बताया कि राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में राज्य सरकार के कला-साहित्य एवं संस्कृति तथा पुरातत्व विभाग द्वारा 14 से 19 मार्च 2026 तक पूरे सप्ताह राज्यभर में विविध सांस्कृतिक, साहित्यिक और लोककला से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। अतिरिक्त सचिव ने बताया कि राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं, साहित्यिक गतिविधियों और कला परंपराओं को व्यापक स्तर पर प्रदर्शित किया जाना तय किया गया है। जिससे राजस्थान की कला एवं संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा इसके साथ ही कलाकारों, साहित्यकारों और विद्वानों को मंच भी उपलब्ध हो सकेगा। कला-साहित्य एवं संस्कृति तथा पुरातत्व विभाग की उप सचिव अनुराधा गोगिया ने बताया कि कला-साहित्य एवं संस्कृति तथा पुरातत्व विभाग के अधीन पुरातत्व विभाग, साहित्य एवं कला अकादमियों और विभिन्न मंचों के माध्यम से संगीत, नाटक, लोककला, साहित्य, चित्रकला प्रदर्शनी, कार्यशालाएं, संगोष्ठियां तथा विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के का आयोजन किया जाएगा जिसके माध्यम से प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा।
पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग द्वारा आयोजित होने वाले कार्यक्रम
पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग द्वारा जयपुर स्थित राजकीय संग्रहालय, आमेर महल, नाहरगढ़ दुर्ग, हवा महल, अल्बर्ट हॉल तथा गांधी वाटिका सहित विभिन्न स्थलों पर 17 से 19 मार्च तक तीन दिवसीय समारोह के अंतर्गत विविध सांस्कृतिक गतिविधियों और कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा
राजस्थान प्राच्य विद्या प्रतिष्ठान, जोधपुर द्वारा आयोजित होने वाले कार्यक्रम
राजस्थान प्राच्य विद्या प्रतिष्ठान, जोधपुर द्वारा 17 से 19 मार्च 2026 तक विभागीय प्रकाशनों की प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रतिष्ठान द्वारा प्रकाशित शोध एवं ऐतिहासिक महत्व की पुस्तकों का प्रदर्शन किया जाएगा।
मौलाना अबुल कलाम आजाद अरबी-फारसी शोध संस्थान, टोंक में आयोजित होने वाले कार्यक्रम
मौलाना अबुल कलाम आजाद अरबी-फारसी शोध संस्थान, टोंक में 17 से 19 मार्च तक राष्ट्रीय स्तर के विख्यात कैलीग्राफिस्ट्स द्वारा तैयार किए गए कैलीग्राफी पैनलों की भव्य प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही 17 और 18 मार्च को स्थानीय कैलीग्राफिस्ट्स की सहभागिता से दो दिवसीय कैलीग्राफी कार्यशाला भी आयोजित की जाएगी।
जवाहर कला केन्द्र जयपुर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम
जयपुर स्थित जवाहर कला केंद्र पर राजस्थान ललित कला अकादमी, पर्यटन विभाग,निदेशालय राजस्थान राज्य अभिलेखागार,राजस्थान सिंधी अकादमी, जयपुर कथक केंद्र और राष्ट्रीय नाटय विद्यालय नई दिल्ली के सहयोग से विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। 15 मार्च को प्रात: 11 बजे से सायं 7 बजे सुदर्शना दीर्घा में जवाहर कला केन्द्र के संग्रहित चित्रों की प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। जवाहर कला केन्द्र के कृष्णायन सभागार में 15 मार्च को सांय 6:30 बजे उस्ताद गफरूद्दीन खान मेवाती (पद्म अवॉर्डी) द्वारा “पन्डून का कड़ा” (भपंग वादन व गायन) की प्रस्तुति दी जाएगी। जवाहर कला केन्द्र की सुकृति कला दीर्घा में राजस्थान ललित कला अकादमी द्वारा 15 मार्च से 19 मार्च तक प्रात: 11 बजे सायं 7 बजे तक दैनिक रूप से चित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। इसी प्रकार जवाहर कला केन्द्र की सुरेख दीर्घा में राजस्थान ललित कला अकादमी द्वारा 16 मार्च से 19 मार्च तक प्रात: 11 बजे सायं 7 बजे तक दैनिक रूप से चित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। इसी के साथ राजस्थान राज्य अभिलेखागार बीकानेर द्वारा 17 मार्च से 19 मार्च तक प्रात: 11 बजे से सायं 7 बजे तक राजपूताना की रियासतों के ऐतिहासिक एवं प्रशासनिक महत्व के बहुमूल्य अभिलेख आधारित (पांडुलिपि एवं अभिलेखागार) प्रदर्शनी का आयोजन जवाहर कला केन्द्र की अलंकार दीर्घा में दैनिक रूप से जाएगा। जयपुर के जवाहर कला केंद्र में स्थित शिल्पग्राम में 15 से 19 मार्च तक प्रात: 11 बजे रात्रि 09 बजे तक दैनिक रूप से लोक कला प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इसी प्रकार जवाहर कला केन्द्र के रंगायन सभागार में 16 मार्च को सायं 06 बजे रात्रि 8:30 बजे तक रजब अली भारती एवं समूह और उस्ताद अहमद हुसैन, उस्ताद मोहम्मद हुसैन (पद्म अवॉर्डी) द्वारा गीत गजल एवं भजन गायन प्रस्तुत किया जाएगा। जवाहर कला केंद्र में 17 मार्च को रंगायन सभागार में सायं 5:00 बजे से सायं 6 बजे तक डॉ. श्याम सिंह कछावा के निर्देशन में प्रसिद्ध एब्सेट्रेक्ट आर्टिस्ट स्व. ज्योति स्वरूप पर केन्द्रित विचार गाष्ठि का आयोजन किया जाएगा। इसी प्रकार जवाहर कला केन्द्र के मध्यवर्ति में राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय, नई दिल्ली एवं पर्यटन विभाग की सहभागिता से नाट्य प्रस्तुति समुद्र मंथन का 17 मार्च को सायं 7 बजे आयोजन किया जाएगा। जवाहर कला केंद्र के शिल्पग्राम में 17 से 21 मार्च तक राजस्थान ललित कला अकादमी द्वारा क्यूरेटेड 25वें कला मेले का आयोजन दैनिक रूप से प्रात: 11 बजे से रात्रि 9 बजे तक आयोजन किया जाएगा। जिसमें पारंपरिक और समसामयिक कला गतिविधियां आयोजित होंगी। इस कला मेले में लगभग 100 से अधिक स्टॉल कलाकारों को आवंटित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से कला प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही कला विषयों पर सेमीनार, कला वार्ताएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम, कला चिंतन शिविर तथा कॉलेज विद्यार्थियों की कला प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। इस मेले में लगभग 500 से 700 कलाकारों की प्रत्यक्ष भागीदारी रहने की संभावना है। 18 मार्च को जवाहर कला केन्द्र के कृष्णायन सभागार में प्रातः 8 से 10 बजे तक डॉ. विजयेन्द्र गौतम एवं समूह द्वारा प्रात:कालीन राग रागिनियों आधारित मॉर्निंग रागा की प्रस्तुति दी जाएगी। जवाहर कला केन्द्र के शिल्पग्राम में 18 मार्च को ही सायं 6 से रात्रि 8 बजे तक राजस्थान सिन्धि अकादमी की ओर से भगत लोक कला प्रस्तुति दी जाएगी। जवाहर कला केन्द्र के मध्यवर्ति में 18 मार्च को ही सायं 6:30 से रात्रि 9 बजे तक जयपुर कथक केन्द्र की ओर कथक नृत्य फ्यूजन तथा मनदीप रमाना एवं अतुल राव द्वारा राजस्थानी संगीत आधारित बैंड परफॉर्मेन्स दी जाएगी। जवाहर कला केन्द्र के कृष्णायन सभागार में 19 मार्च को प्रातः 8 से 10 बजे तक पंडित आनंद वैद्य एवं समूह द्वारा प्रात:कालीन राग रागिनियों आधारित मॉर्निंग रागा की प्रस्तुति दी जाएगी। 19 मार्च को सायं 7 से 8.30 बजे तक गोविन्द सिंह भाटी एवं शैरॉन राजन एवं समूह द्वारा रेतीला बैंड परफॉर्मेन्स दी जाएगी।
रवीन्द्र मंच, जयपुर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम
रवीन्द्र मंच, जयपुर में 18 मार्च को सांस्कृतिक कार्यक्रम और नाटक का मंचन किया जाएगा। भारतीय लोक कला मंडल, उदयपुर द्वारा 17 से 19 मार्च के बीच किसी एक दिन कठपुतली नाटिका “स्वामी विवेकानन्द” का मंचन किया जाएगा।
भारतीय साहित्य अकादमी के द्वारा आयोजित होने वाले कार्यक्रम
भारतीय साहित्य अकादमी, जयपुर द्वारा 17 से 19 मार्च तक तीन दिवसीय ‘विजयदान देथा साहित्यिक उत्सव-2026’ आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रदेश के साहित्यकारों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
राजस्थान उर्दू अकादमी द्वारा आयोजित होने वाले कार्यक्रम
राजस्थान उर्दू अकादमी द्वारा जयपुर में 18 से 20 मार्च तक कैलीग्राफी वर्कशॉप आयोजित की जाएगी, जबकि 19 मार्च को माढ़ गायिकी कार्यक्रम आयोजित होगा।
राजस्थान सिन्धी अकादमी द्वारा आयोजित होने वाले कार्यक्रम
राजस्थान सिन्धी अकादमी द्वारा 18 मार्च को सायं 6 बजे जवाहर कला केंद्र में आयोजित कला मेले के दौरान सिन्धी भगत एवं गीत-संगीत पर आधारित सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा।
राजस्थान ब्रजभाषा अकादमी द्वारा आयोजित होने वाले कार्यक्रम
राजस्थान ब्रजभाषा अकादमी, जयपुर द्वारा 17 और 18 मार्च को ब्रजभाषा महोत्सव-2026 आयोजित किया जाएगा, जबकि 19 मार्च को ब्रजभाषा साहित्यकार सम्मान समारोह, अखिल भारतीय ब्रजभाषा कवि सम्मेलन तथा राजस्थानी संगोष्ठी आयोजित की जाएगी।
राजस्थानी भाषा, साहित्य एवं संस्कृति अकादमी, बीकानेर द्वारा आयोजित होने वाले कार्यक्रम
राजस्थानी भाषा, साहित्य एवं संस्कृति अकादमी, बीकानेर द्वारा राजस्थान दिवस के अवसर पर “आधुनिक राजस्थानी साहित्य: दसा अर दिसा” विषय पर राजस्थानी संगोष्ठी तथा अकादमी प्रकाशनों की पुस्तक प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा।
राजस्थान संगीत नाटक अकादमी, जोधपुर द्वारा आयोजित होने वाले कार्यक्रम
राजस्थान संगीत नाटक अकादमी, जोधपुर द्वारा 17 से 19 मार्च तक ‘लोकानुरंजन मेला’ आयोजित किया जाएगा।
राजस्थान संस्कृत अकादमी, जयपुर द्वारा आयोजित होने वाले कार्यक्रम
राजस्थान संस्कृत अकादमी, जयपुर द्वारा 17 मार्च को वेद विद्यालयों के छात्रों का दीक्षांत समारोह, बाल शंकराचार्य सम्मान, संस्कृत विद्वानों का आजीवन संस्कृत सेवा अलंकरण समारोह तथा त्रैमासिक संस्कृत शोध पत्रिका ‘स्वरमंगला’ के स्वर्ण जयंती विशेषांक का विमोचन किया जाएगा। 18 मार्च को वैदिक छात्रों की कार्यशाला तथा 19 मार्च को राष्ट्र की रक्षा एवं सर्वकल्याण की भावना से यज्ञ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
राजस्थान पंजाबी भाषा अकादमी, गंगानगर द्वारा आयोजित होने वाले कार्यक्रम
राजस्थान पंजाबी भाषा अकादमी, श्रीगंगानगर द्वारा 17 मार्च को जिला परिषद परिसर में पंजाबी कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। 18 मार्च को डीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के सभागार में पंजाबी सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा 19 मार्च को राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मटका चौक में चित्रकला प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी।


