-पीआईबी चंडीगढ़ के पत्रकार प्रतिनिधिमंडल ने आईआईटी के शोध, नवाचार और सतत् विकास पहलों की जानकारी ली
-निफ्ट नवीन तकनीक, कौशल आधारित एवं रोजगारपरक शिक्षा के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा
-एफडीडीआई फुटवियर एवं लेदर के क्षेत्र में रोजगार की अपार संभावनाएं
जोधपुर। पीआईबी चंडीगढ़ के पत्रकार प्रतिनिधिमंडल ने आज जोधपुर में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान जोधपुर (आईआईटी जोधपुर), राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (निफ्ट) और फुटवियर डिजाइन एंड डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट (एफडीडीआई) का दौरा किया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने आईआईटी के शोध पारितंत्र, नवाचार पहलों तथा उच्च शिक्षा और प्रौद्योगिकी विकास से जुड़े उत्कृष्ट प्रयासों के बारे में जानकारी प्राप्त की। दौरे की शुरुआत मीडिया प्रतिनिधिमंडल के आगमन और पंजीकरण के साथ हुई, जिसके बाद आईआईटी जोधपुर के नेतृत्व के साथ एक स्वागत एवं परिचयात्मक सत्र आयोजित किया गया। इस अवसर पर आईआईटी जोधपुर के निदेशक प्रो. अविनाश कुमार अग्रवाल ने मीडिया प्रतिनिधिमंडल को संबोधित करते हुए संस्थान की दृष्टि, शैक्षणिक कार्यक्रमों तथा अत्याधुनिक शोध, प्रौद्योगिकी विकास और राष्ट्र निर्माण में संस्थान के बढ़ते योगदान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस सत्र में संस्थान के विभिन्न संकायों के डीन भी उपस्थित रहे और उन्होंने पत्रकारों को विभिन्न शैक्षणिक एवं अनुसंधान गतिविधियों के बारे में अवगत कराया।
प्रो. अग्रवाल ने बताया कि आईआईटी जोधपुर विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्र में निरंतर नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने बताया कि संस्थान विभिन्न राष्ट्रीय संस्थानों, उद्योगों तथा सरकारी विभागों के साथ सहयोग के माध्यम से कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य कर रहा है। इन सहयोगात्मक प्रयासों के माध्यम से अनुसंधान, तकनीकी विकास तथा नवाचार को बढ़ावा देने के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं, जिससे समाज और उद्योग दोनों को लाभ मिल रहा है।
दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने स्कूल ऑफ डिजाइन का भ्रमण किया, जहां उन्हें अंतर्विषयक डिजाइन शिक्षा, नवाचार आधारित शिक्षण पद्धतियों तथा सामाजिक और तकनीकी चुनौतियों के समाधान से जुड़े प्रोजेक्ट्स के बारे में जानकारी दी गई।
पत्रकार प्रतिनिधिमंडल ने जोधपुर सिटी नॉलेज एंड इनोवेशन फाउंडेशन (जेसीकेआईएफ) का भी दौरा किया, जहां उन्हें क्षेत्र में उद्यमिता, स्टार्टअप इनक्यूबेशन तथा नवाचार आधारित पारितंत्र को बढ़ावा देने से जुड़ी विभिन्न पहलों के बारे में बताया गया।
इसके अतिरिक्त प्रतिनिधिमंडल ने आईआईटी जोधपुर की सेंट्रल रिसर्च फैसिलिटी (सीआरएफ) का अवलोकन किया, जहां अत्याधुनिक वैज्ञानिक उपकरणों और शोध अवसंरचना के माध्यम से विभिन्न विषयों में उन्नत अनुसंधान कार्य किए जा रहे हैं।
दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने संस्थान के सतत् एवं पर्यावरण अनुकूल परिसर का भी निरीक्षण किया, जिसमें ऊर्जा दक्ष प्रणालियों, पर्यावरण के प्रति उत्तरदायी अवसंरचना तथा सतत् विकास से जुड़ी विभिन्न पहलों को देखा गया।
दौरे में पत्रकारों को संकाय सदस्यों और अधिकारियों के साथ अनौपचारिक बातचीत का अवसर मिला। इस दौरान उन्होंने विज्ञान, प्रौद्योगिकी, नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने में आईआईटी जोधपुर की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। इस दौरे के माध्यम से मीडिया प्रतिनिधियों को संस्थान में हो रहे अंतर्विषयक शोध, नवाचार को प्रोत्साहन देने के प्रयासों तथा राष्ट्रीय प्राथमिकताओं के अनुरूप तकनीकी प्रगति में आईआईटी जोधपुर के योगदान को प्रत्यक्ष रूप से देखने का अवसर मिला।
इस दौरे के दौरान निफ्ट के निदेशक प्रो. (डॉ.) जी.एच.एस. प्रसाद ने संस्थान की कार्यप्रणाली, नवीन गतिविधियों तथा शिक्षा की गुणवत्ता के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि निफ्ट नवीन तकनीक, कौशल आधारित एवं रोजगारपरक शिक्षा के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि फैशन शिक्षा के क्षेत्र में निफ्ट ने देश-विदेश में विशिष्ट पहचान स्थापित की है और यहां से शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय योगदान दे रहे हैं।
प्रो. प्रसाद ने संस्थान के अत्याधुनिक प्रयोग और नवाचारों के बारे में अवगत कराते हुए बताया कि संस्थान में अध्ययनरत विद्यार्थियों ने राजस्थान रॉयल्स क्रिकेट टीम की जर्सी और संसद के मार्शल्स के लिए परिधान भी डिजाइन किए हैं।
इस अवसर पर पत्रकार दल ने संस्थान की प्रयोगशालाओं और विभिन्न शैक्षणिक इकाइयों का भी दौरा किया। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की कई महत्वपूर्ण योजनाओं, शोध गतिविधियों और नवाचार परियोजनाओं में निफ्ट की सक्रिय भागीदारी रही है। संस्थान फैशन, डिजाइन और टेक्सटाइल क्षेत्र में नई ऊँचाइयों को छू रहा है और युवाओं के लिए अनेक अवसर उपलब्ध करा रहा है।
असिस्टेंट प्रोफेसर एवं जनसंपर्क अधिकारी डॉ. मनीष शर्मा ने बताया कि पत्रकार दल ने संस्थान की प्रयोगशालाओं, प्रशिक्षण केंद्रों, नवाचार सुविधाओं और विद्यार्थियों के कौशल प्रदर्शन का अवलोकन किया। दल ने निफ्ट द्वारा फैशन तकनीक में किए जा रहे नवाचारों और अभ्यासों की सराहना की।
इस दौरान संयुक्त निदेशक डॉ. जन्मय सिंह हाड़ा तथा फैशन डिजाइन विभाग से डॉ. अदिति मेड़तिया ने प्रतिनिधिमंडल को निफ्ट का भ्रमण करवाया।
इसके बाद एफडीआई के कार्यकारी निदेशक अनिल कुमार ने बताया कि एफडीआई का उद्देश्य राजस्थान के पारंपरिक शिल्प विरासत को आधुनिक विज्ञान और तकनीक के साथ जोड़कर वैश्विक स्तर पर पहुंचना है उद्योग आधारित पाठ्यक्रम आई आधारित शिक्षण और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के माध्यम से विद्यार्थियों को भविष्य के लिए तैयार कर रहे हैं । 2013 में स्थापित यह संस्थान भारत सरकार के वाणिज्य में उद्योग मंत्रालय के अधीन आता है और एफडीए अधिनियम 2017 के अंतर्गत राष्ट्रीय महत्व का संस्थान है जो सेंटर आफ एक्सीलेंस अनुसंधान नवाचार उद्योग सहयोग का महत्वपूर्ण केंद्र है और यह संस्थान डिजाइनिंग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस डाटा एनालिटिक्स और डिजिटल रिटेल सस्टेनेबल प्रोडक्ट डेवलपमेंट स्टार्टअप और उद्यमिता विकास के कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में रोजगार एवं स्टार्ट अप की अपार संभावनाएं हैं।



