राजस्थान में बढ़ी गर्मी की तपिश, कई जिलों में हीटवेव का अलर्ट

ram

जयपुर। राजस्थान में गर्मी का असर लगातार तेज होता जा रहा है। इस सीजन में पहली बार राज्य का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। रविवार को बाड़मेर और बालोतरा क्षेत्र हीटवेव की चपेट में रहे, जबकि जयपुर, अजमेर और कोटा सहित 15 से अधिक शहरों में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर मापा गया।

मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के अनुसार राज्य में फिलहाल गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। विभाग ने सोमवार और मंगलवार को जैसलमेर, बाड़मेर और बालोतरा जिलों में हीटवेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही अगले एक सप्ताह के दौरान तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है।

पिछले 24 घंटे के दौरान पिलानी और बाड़मेर प्रदेश के सबसे गर्म इलाके रहे। रविवार को पिलानी में अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस मापा गया, जबकि बाड़मेर में 40 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

बाड़मेर और बालोतरा क्षेत्र में सुबह से तेज धूप के साथ दिन में हल्की से मध्यम लू चली, जिससे लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ा।

इसके अलावा बीकानेर में अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री, चूरू में 39.1, जैसलमेर में 39.2, जोधपुर में 38.8 और फलोदी में 38.2 डिग्री सेल्सियस मापा गया। इन इलाकों में भी हल्की हीटवेव का असर देखने को मिला।

राज्य के 15 से अधिक शहरों में रविवार को तापमान 36 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। पाली में 37.5, झुंझुनूं में 37.4, करौली में 36.6, फतेहपुर में 38.5, जालोर और डूंगरपुर में 37.3, श्रीगंगानगर में 37.4, उदयपुर में 36.3, कोटा में 36.7, सीकर और भीलवाड़ा में 36, अलवर में 36.2 तथा अजमेर में 37 डिग्री सेल्सियस तापमान मापा गया।

राजधानी जयपुर में भी पिछले एक सप्ताह से तापमान लगातार बढ़ रहा है। एक मार्च को जहां अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस था, वहीं रविवार को यह बढ़कर 37.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। जयपुर में सुबह से ही तेज धूप के कारण गर्मी का असर महसूस होने लगा है, जो शाम तक बना रहता है। झुलसाने वाली धूप के चलते लोग दिन में घरों से निकलने से बच रहे हैं। हालांकि शाम होते ही तापमान में कुछ गिरावट आ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *