मुख्य सचिव ने किया स्वास्थ्य भवन का निरीक्षण—साफ-सफाई व प्रबंधन में सुधार को सराहा

ram

जयपुर। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने शुक्रवार प्रातः स्वास्थ्य भवन पहुंचकर मुख्य भवन एवं एनएचएम भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने निरीक्षण करने के साथ ही कार्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और विगत दिनों में स्वास्थ्य भवन में हुए सुधारों की सराहना की। मुख्य सचिव प्रात: 9.30 बजे स्वास्थ्य भवन पहुंचे। उन्होंने मुख्य भवन एवं एनएचएम भवन का निरीक्षण करते हुए कार्मिकों की बैठक व्यवस्था, कार्यालयों में साफ-सफाई एवं कार्यालय प्रबंधन व्यवस्थाओं का विस्तार से अवलोकन किया। उन्होंने भवन में स्वच्छता, अनुपयोगी सामान के निस्तारण, कामकाज एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विगत निरीक्षण में दिए गए निर्देशों की पालना पर सराहना व्यक्त की। साथ ही उऩ्होंने इसे निरंतर बनाए रखने और साफ-सफाई, रंग-रोगन आदि को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ भी साथ रहीं और कार्यप्रणाली आदि के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की।

राज हेल्थ पोर्टल की ली जानकारी
मुख्य सचिव ने पहले प्रथम तल पर निदेशक जन-स्वास्थ्य विंग एवं एनएचएम विंग का निरीक्षण किया। इसके बाद दूसरे तल पर परियोजना निदेशक एनएचएम कार्यालय, एनएचएम एचआर विंग में जाकर अवलोकन किया। तृतीय विंग पर राजहेल्थ पोर्टल अनुभाग एवं विधि विंग का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पोर्टल के माध्यम से संचालित मानव संसाधन सूचना प्रणाली तथा अन्य डिजिटल मॉड्यूल्स की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने राज हैल्थ पोर्टल के माध्यम से राज्य के समस्त स्वास्थ्य कार्मिकों एवं अधिकारियों के ई-सर्विस रिकॉर्ड, ऑनलाइन अवकाश प्रबंधन, पदस्थापन स्थिति संधारण तथा अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं के डिजिटलीकरण कार्यप्रणाली का भी अवलोकन किया और पारदर्शिता के लिए किए जा रहे इन नवाचारों को सराहा।

डिजिटल नवाचारों को दें प्रोत्साहन
वी. श्रीनिवास ने राज हेल्थ पोर्टल की उपयोगिता एवं पारदर्शिता की सराहना करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने निर्देश दिए कि डिजिटल प्रणाली के माध्यम से कार्यों के निष्पादन में और अधिक दक्षता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्वास्थ्य के क्षेत्र में डिजिटल नवाचारों को प्रोत्साहित किए जाने पर बल दिया ताकि राज्य के स्वास्थ्य तंत्र को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

अनुपयोगी सामान का हुआ निस्तारण
प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने बताया कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने विगत दो वर्ष में करीब 35 हजार पदों पर मिशन मोड में भर्तियां पूरी की हैं। इन भर्तियों में नवचयनित अभ्यर्थियों को राज हेल्थ पोर्टल के माध्यम से ही वरीयता के आधार पर पदस्थापित किया गया है। उन्होंने बताया कि 28 जनवरी को मुख्य सचिव के निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों की अनुपालना में स्वास्थ्य भवन में पड़ी अनुपयोगी सामग्री एवं पत्रावलियों का निस्तारण किया गया है। साथ ही कॉरिडोर्स की साफ-सफाई के साथ-साथ लगभग 150 से अधिक बेकार आलमारियां, 50 से अधिक टेबल-कुर्सियां व रैक्स आदि को भी निस्तारित कर दिया गया है। इसके अलावा खराब व खुले पड़े बिजली के तारों को दुरूस्त किया गया है। स्वास्थ्य भवन के कॉरिडोर्स में जन-कल्याणकारी योजनाओं की आईईसी सामग्री भी प्रदर्शित की गयी है। निरीक्षण के दौरान मिशन निदेशक एनएचएम डॉ. अमित यादव, अतिरिक्त मिशन निदेशक डॉ. टी. शुभमंगला, निदेशक जनस्वास्थ्य डॉ. रवि प्रकाश शर्मा, परियोजना निदेशक एनएचएम प्रिया भार्गव सहित अन्य अधिकारीगण भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *