जयपुर। रीको में विभिन्न संवर्गों में चल रही भर्ती प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 7 मार्च 2026 कर दी गई है। साथ ही चार संवर्गों में 23 पदों की वृद्धि भी की गई है। पदों में की गई वृद्धि के अनुसार, सहायक लेखाधिकारी ग्रेड-द्वितीय का 1 पद, कनिष्ठ विधि अधिकारी के 10 पद, निजी सहायक ग्रेड-द्वितीय के 11 पद तथा प्रारूपकार का 1 पद बढ़ाया गया है। पदों की संख्या में वृद्धि होने के कारण आवेदन की अंतिम तिथि को विस्तारित किया गया है। उल्लेखनीय है कि रीको द्वारा दिनांक 20 जनवरी 2026 को कम्पनी सचिव, सहायक नगर नियोजक, प्रोग्रामर, सहायक लेखाधिकारी-द्वितीय, कनिष्ठ विधि अधिकारी, निजी सहायक ग्रेड-द्वितीय, प्रारूपकार एवं कनिष्ठ सहायक जैसे महत्वपूर्ण पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ की गई थी। वृद्धि के पश्चात अब कम्पनी सचिव, सहायक नगर नियोजक एवं प्रोग्रामर के 1-1 पद, सहायक लेखाधिकारी-द्वितीय के 22 पद, कनिष्ठ विधि अधिकारी के 14 पद, निजी सहायक ग्रेड-द्वितीय के 19 पद, प्रारूपकार के 9 पद तथा कनिष्ठ सहायक के 54 पदों पर भर्ती की जा रही है। अभ्यर्थी अब सभी पदों के लिए दिनांक 7 मार्च 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। जिन अभ्यर्थियों ने पूर्व में विज्ञापित पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन किया है, उन्हें पुनः आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है। ऐसे अभ्यर्थियों को पूर्व आवेदन के समय विज्ञापन में उल्लेखित शर्तों की पालना के आधार पर पात्र माना जाएगा। राज्य के प्रतिष्ठित उपक्रम रीको में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं के लिए यह एक उत्कृष्ट अवसर है। अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया, नियम एवं शर्तें, परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देश एवं अन्य आवश्यक जानकारी रीको की आधिकारिक वेबसाइट www.riico.rajasthan.gov.in से प्राप्त कर सकते हैं।
रीको भर्ती 2026—आवेदन तिथि 7 मार्च तक बढ़ी, चार संवर्गों के 23 पदों में वृद्धि
ram


