जयपुर। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मणाई में उड़ान-2026 वार्षिकोत्सव कार्यक्रम एवं विकास कार्यों का लोकार्पण समारोह शनिवार को जोधपुर में संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री श्री जोगाराम पटेल के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में समग्र शिक्षा पीएबी 2024-25 के तहत 24.79 लाख रूपये की लागत से नवनिर्मित कक्षा-कक्ष का विधिवत लोकार्पण किया गया।
राष्ट्रव्यापी पहल से जुड़ रहे देश के करोड़ों बच्चे
श्री पटेल ने कहा हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा प्रारंभ की राष्ट्रव्यापी पहल ‘परीक्षा पे चर्चा’ से देश के करोड़ों बच्चे जुड़ रहे हैं। जिसमें प्रधानमंत्री जी परीक्षाओं, जीवन कौशल और कल्याण के विषयों पर छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों के साथ बातचीत करते हैं। उन्होंने कहा यह पहल तनावमुक्त परीक्षाओं, बच्चों के भावनात्मक और समग्र विकास को बढ़ावा देती है, जो राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के लक्ष्यों के अनुरूप है।
प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कर रही निरंतर कार्य
संसदीय कार्य मंत्री ने कहा यशस्वी मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए निरंतर नई नीतियों, योजनाओं और नवाचारों पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा हमारी सरकार द्वारा 13 लाख 85 हजार बालिकाओं को निःशुल्क साइकिल वितरण किया गया। साथ ही काली बाई मेधावी छात्रा और देवनारायण स्कूटी योजना के तहत 39 हजार 586 छात्राओं को निःशुल्क स्कूटी का वितरण किया गया।
प्रत्येक विद्यार्थी में होती हैं असाधारण क्षमताएं
श्री पटेल ने कहा प्रत्येक विद्यार्थी में असाधारण क्षमताएं छिपी होती है। उसे पहचानिए और मेहनत, अनुशासन तथा मूल्यों के साथ आगे बढ़िए। उन्होंने कहा माता-पिता और शिक्षकों की बातें कभी-कभी विद्यार्थियों को अनुशासन का बोझ लग सकती हैं लेकिन वे आपकी नींव को मजबूत कर रहे हैं ताकि विद्यार्थी भविष्य में ऊंची उड़ान भर सकें।
आमजन से जुड़े सभी कार्य प्राथमिकता से करवाए जाएंगे
श्री पटेल ने कहा विद्यालय में कला संकाय खोलने, काश्तकारों के लिए गाजर मंडी खोलने और पेयजल आपूर्ति के लिए पाइपलाइन सहित आमजन से जुड़े सभी कार्य प्राथमिकता से करवाए जाएंगे।
भामाशाहों का किया सम्मान
कार्यक्रम में विद्यालय विकास में सहयोग करने वाले भामाशाहों का सम्मान किया गया। साथ ही विद्यालय की बालिकाओं द्वारा ऑपरेशन सिंदूर एवं पर्यावरण संरक्षण की थीम पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई।



