जयपुर। राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होते ही सर्दी ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के अनुसार आगामी तीन–चार दिन प्रदेश में सर्द हवा चलने, सुबह-शाम कोहरा छाने और आंशिक बादल बने रहने की संभावना है। उत्तरी हवाओं के प्रभाव से मंगलवार को जयपुर, सीकर, पिलानी, चूरू सहित कई शहरों के तापमान में करीब चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट मापी गई। शेखावाटी अंचल में न्यूनतम तापमान सिंगल डिजिट में पहुंच गया, जबकि दिन का तापमान भी 25 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना रहा। पिछले 24 घंटों के दौरान जोधपुर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, फलोदी, नागौर, सीकर और बीकानेर समेत उत्तर-पश्चिमी जिलों में हल्के बादल छाए रहे। वहीं जयपुर, कोटा और भरतपुर संभाग के जिलों में हल्की धुंध देखने को मिली। इसके चलते अधिकांश शहरों में धूप कमजोर रही और तापमान में गिरावट आंकी गई। जयपुर में मंगलवार को अधिकतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस रहा। राज्य में सबसे ज्यादा ठंड शेखावाटी और आसपास के क्षेत्रों में महसूस की गई। सीकर, नागौर, फतेहपुर (सीकर) और पाली में न्यूनतम तापमान पांच से छह डिग्री सेल्सियस के बीच मापा गया। नागौर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस रहा। जयपुर मौसम केन्द्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार अगले दो–तीन दिन प्रदेश में मौसम सामान्यतः साफ रह सकता है। कुछ स्थानों पर हल्के बादल और उत्तरी राजस्थान के कुछ जिलों में कोहरा देखने को मिल सकता है। इस दौरान तापमान में कोई विशेष बदलाव की संभावना नहीं है।

राजस्थान में फिर बढ़ी सर्दी, शेखावाटी में सिंगल डिजिट तापमान
ram


