ग्राम उत्थान शिविरों में उमड़ रहा जन सैलाब— प्रथम चरण में 1270 शिविरों में 10.62 लाख से अधिक ग्रामीणों ने ली योजनाओं की जानकारी, उठाया लाभ

ram

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर कृषकों, पशुपालकों एवं ग्रामीणों को केन्द्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ देने के लिए प्रत्येक गिरदावर सर्किल पर ग्राम उत्थान शिविर लगाए जा रहे हैं। प्रथम चरण में प्रदेश भर के 1270 गिरदावर सर्किलों पर शिविर आयोजित कर राज्य सरकार के 13 प्रमुख विभागों की योजनाओं, गतिविधियों एवं कार्यक्रमों से आमजन, कृषक एवं पशुपालकों को जोड़ने की पहल की गई है। शिविरों में विभिन्न योजनओं के आवेदन-पत्र तैयार करवाये जा रहे हैं तथा पहले दिये आवेदनों की वर्तमान स्थिति की जानकारी दी जा रही है, पात्रों को मौके पर लाभ दिया जा रहा है। राज्य सरकार की मन्शा के अनुसार केन्द्र व राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ ग्रामीण क्षेत्र के अंतिम छोर तक पहुंचाने के लिए इन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों का द्वितीय चरण 1 फरवरी और 5 से 9 फरवरी तक आयोजित किया जा रहा है। शिविरों में पशुपालकों को लाभ देने के लिए प्रथम चरण में पशुपालन विभाग द्वारा मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत 72 हजार से अधिक पशुओं का पंजीकरण कर स्वास्थ्य प्रमाण-पत्र जारी किए गए। साथ ही, क्लासिकल स्वाइन फीवर के करीब 45 हजार प्रतिरोधक टीके लगाए गए, 4 हजार 200 पशुओं का कृत्रिम गर्भाधान किया गया, 20 हजार 400 से अधिक फर्टिलिटी किट का वितरण किया गया है एवं 3 लाख 89 हजार पशुओं की प्राथमिक चिकित्सा व कृमिनाशक औषधि पिलाई गई।कृषि, उद्यानिकी एवं कृषि विपणन विभाग द्वारा 4 लाख 40 हजार किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य तथा 5 लाख 20 हजार से अधिक कृषकों को अन्य कृषि योजनाओं की जानकारी दी गई है, 76 हजार से अधिक किसानों को सॉयल हैल्थ कार्ड वितरित किये गये हैं। पॉली हाउस से वंचित 2 हजार 200 से अधिक ग्राम पंचायतों में एक—एक पॉली हाउस बनाने के लिए आवेदन पत्र तैयार किए गए हैं, 2 हजार 500 से अधिक किसानों के मुख्यमंत्री कृषक साथी सहायता योजनान्तर्गत आवेदनों का निस्तारण किया गया है। जिन ग्राम पंचायतों में बस स्टैंड पर यात्रियों के विश्राम स्थल नहीं हैं, उनमें से 2 हजार 753 जगह विश्राम स्थल निर्माण प्रस्ताव तैयार किये गये हैं। शिविरों के प्रथम चरण में सहकारिता विभाग ने 23 हजार 600 से अधिक किसान क्रेडिट कार्ड के आावेदन प्राप्त किये हैं, 2 लाख 50 हजार से अधिक किसानों को सहकारी ऋण योजनाओं की जानकारी दी गई है, 2 हजार 380 नए कस्टम हायरिंग सेंटरों के आवेदन तैयार किये गये हैं, 457 प्रोविजनल डेयरी को-ऑपरेटिव सोसायटी व 416 डेयरी को-ऑपरेटिव सोसायटी का पंजीयन एवं 444 सरस बूथों का आवंटन किया गया। ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए शिविरों में पंडित दीनदयाल उपाध्याय योजना में 25 हजार 700 से अधिक सर्वे पूर्ण हो गये हैं, 49 हजार 400 से अधिक स्वामित्व कार्डों का वितरण किया गया , 884 अनुपयोगी विद्यालय भवनों में नई स्वीकृत ग्राम पंचायत भवन का कार्यालय प्रारंभ किया गया, 3 हजार 603 वाटर यूजर एसोसिएशनों को सक्रिय किया गया। युवा स्वरोगजार योजना में 6470 आवेदन तैयार करवाए, 11455 फार्मर रजिस्ट्री का पंजीकरण किया। पीएम सूर्य घर योजना में 25178 आवेदन तैयार करवाए और 939 भू-खसरों के विभाजन हेतु आवेदन प्राप्त किये गये हैं। राज्य सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए प्रदेश भर में इन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों में कृषि, उद्यानिकी, कृषि विपणन, सहकारिता, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य, ग्रामीण विकास, पंचायती राज, जलसंसाधन, उद्योग, ऊर्जा और राजस्व विभाग की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध करवाई जा रही हैं।शिविरों में 10 लाख 62 हजार कृषकों, पशुपालकों, ग्रामिणों व जन प्रतिनिधियों ने भाग लिया इनमें से 12866 जनप्रतिनिधि हैं। गांव की आधी आबादी के पास पूरी समस्याओं के समाधान हैं, इसी सोच के साथ महिला शक्ति को शिविरों में पूर्ण भागीदारी दी गई। 3 लाख 16 हजार महिलाओं एवं 6 लाख 95 हजार से अधिक पुरूष शिविरों में उपस्थित होकर विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली, आवेदन पत्र तैयार करवाए।ग्राम उत्थान शिविरों के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा आवेदनों की प्राप्ति एवं जांच, लंबित प्रकरणों की स्थिति की जानकारी, पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण, दस्तावेज़ सत्यापन, योजनाओं से संबंधित ऑन-स्पॉट मार्गदर्शन, प्रमाण पत्र जारी करना, स्वास्थ्य व पशुपालन सेवाएं प्रदान करना, बीज-उर्वरक एवं कृषि आदानों का सत्यापन, सहकारी ऋण एवं बीमा से संबंधित प्रक्रियाएं तथा विभागीय योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इसके साथ ही ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान एवं आवश्यक प्रकरणों को समयबद्ध निस्तारण भी किया जा रहा है। मुख्यमंत्री शर्मा के निर्देशानुसार शिविरों में प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित कर योजनाओं का वास्तविक लाभ ग्रामीण नागरिकों तक पहुँचाया जा रहा है। इसी प्रकार द्वितीय चरण में 1 फरवरी एवं 5 से 9 फरवरी तक भी प्रत्येक गिरदावर सर्किल पर इन शिविरों का आयोजन होगा। प्रदेशभर में प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक यह शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *