जनता की आकांक्षाओं को पूरा करेगा केन्द्रीय बजट 2026—27 : सीआर चौधरी -राजस्थान किसान सेवा आयोग अध्यक्ष सीआर चौधरी चूरू आए, केंद्रीय बजट के संबंध में प्रेस वार्ता की, बजट को बताया सभी वर्गो के लिए उपयोगी

ram

जयपुर। राजस्थान किसान सेवा आयोग अध्यक्ष सीआर चौधरी सोमवार को चूरू दौरे पर रहे। इस दौरान चूरू जिला मुख्यालय पर सर्किट हाउस में उन्होंने केंद्रीय बजट 2026-27 के संबंध में प्रेस वार्ता कर बजट में देश और राज्य के समग्र विकास के लिए की गई घोषणाओं की जानकारी दी। प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश अमृत काल में निरंतर प्रगति पथ पर अग्रसर है। केंद्रीय बजट 2026-27 देश में इन्फ्रास्ट्रक्चर के विकास तथा युवा व महिला सशक्तीकरण के साथ रोजगार की नई संभावनाओं पर फोकस किया गया है। केन्द्रीय बजट देश को नई ऊंचाईयों तक पहुंचाते हुए आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र के संकल्प को साकार करने वाला है। यह बजट भारत को विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थवयवस्था बनाने और वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए संकल्पित प्रयास है। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय बजट जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने वाला है। बजट में जनता की सरकार से अपेक्षाओं को लक्षित किया गया है। बजट में किसानों, युवाओं, महिलाओं के सशक्तीकरण के साथ विनिर्माता इकाईयों व सूक्ष्म उद्योगों को प्रोत्साहन के साथ स्थाई रोजगार के अवसरों को शामिल किया गया है। चौधरी ने कहा कि बजट में ‘एजुकेशन टू एम्प्लॉयमेंट एंड इन्टरप्रेन्योरशिप’ पर फोकस किया गया है। केन्द्रीय बजट ‘राष्ट्र प्रथम’ के भाव के साथ रक्षा, कृषि, युवा व महिलाओं के कल्याण के साथ विकास को समर्पित है। महिला सशक्तीकरण हेतु ‘एसएचई सेल्फ हेल्प इन्टरप्रेन्योर’ जैसे कार्यक्रम पर विशेष फोकस किया गया है। उन्होंने कहा कि बजट से एमएसएमई सेक्टर मजबूत होगा और रोजगार क्षेत्र का उन्नयन होगा। इसी के साथ कैंसर व गंभीर रोगों की दवाइयां व इलाज सुलभ होगा। बजट में कैपिटल एक्सपेंडिचर में वृद्धि, इन्फ्रास्ट्रक्चर डवलपमेंट, सुदृढ़ जलमार्ग, रेलमार्ग, सड़क व परिवहन, चिकित्सा सुविधाओं के उन्नयन और चिकित्सकीय स्टाफ के प्रशिक्षण, औद्योगिक कॉरिडोर में यूनिवर्सिटी व कॉलेजों के विकास से रोजगार संभावनाओं में वृद्धि, पर्यटन विकास व रोजगार में वृद्धि, अमृत सरोवरों में मत्स्य पालन जैसे कार्य शामिल होने से अंतिम लक्षित व्यक्ति तक सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित होगी। चूरू विधायक हरलाल ने बजट को जनकल्याणकारी बताते हुए कहा कि इससे सुविधाओं के विस्तार के साथ रोजगार संभावनाएं बढ़ेंगी। बजट में युवा शक्ति, महिलाओं और आमजन की आकांक्षाओं को पूरे करने और उनकी क्षमता वृद्धि को केन्द्रबिन्दु में रखा गया है। यह बजट मध्यम वर्ग और किसानों के लिए लाभकारी साबित होगा। जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने जिले में विकास कार्यों, प्रदेश व केन्द्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की क्रियान्विति की जानकारी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *