जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राजस्थान सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री हेम सिंह भड़ाना का सोमवार सुबह करीब 7 बजे निधन हो गया। वे 59 वर्ष के थे और पिछले करीब पांच महीनों से कैंसर से पीड़ित थे। उनका निधन एक निजी अस्पताल में हुआ। उनका अंतिम संस्कार सोमवार दोपहर 12 बजे उनके पैतृक गांव किशनगढ़बास के बघेरी में किया जाएगा। भड़ाना के निधन पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने गहरा शोक व्यक्त किया है। पार्टी के अलवर जिला मीडिया प्रभारी लक्ष्मीनारायण ने बताया कि पूर्व मंत्री के निधन के कारण पार्टी के सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं। छात्र राजनीति से अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत करने वाले हेम सिंह भड़ाना दो बार भाजपा से थानागाजी (अलवर) विधानसभा क्षेत्र के विधायक रहे। दूसरी बार विधायक निर्वाचित होने के बाद वे वसुंधरा राजे सरकार में पहले राज्य मंत्री और बाद में कैबिनेट मंत्री बने। वे अपनी साफगोई और सुलझे राजनीतिक व्यवहार के लिए जाने जाते थे। थानागाजी क्षेत्र से उनका विशेष लगाव रहा। अलवर शहर के वीर सावरकर नगर में निवास करने के बावजूद वे प्रतिदिन थानागाजी क्षेत्र में आमजन से मिलने पहुंचते थे। कैंसर की गंभीर बीमारी का पता चलने के बाद भी उन्होंने जनसंपर्क बनाए रखा। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में वे कांग्रेस के कांति प्रसाद से बेहद कम मतों के अंतर से पराजित हुए थे। हेम सिंह भड़ाना ने राजस्थान विश्वविद्यालय से एलएलबी की डिग्री प्राप्त की थी। वे प्रारंभ से ही छात्र राजनीति में सक्रिय रहे और वर्ष 1991-92 में राजकीय कला एवं विधि महाविद्यालय, अलवर के छात्रसंघ अध्यक्ष रहे। 10 फरवरी 2005 को वे पंचायत समिति किशनगढ़बास के प्रधान निर्वाचित हुए। वे वर्ष 2008 से 2013 तक तेरहवीं राजस्थान विधानसभा के सदस्य रहे। इस दौरान उन्होंने पुस्तकालय समिति, पिछड़ा वर्ग कल्याण समिति सहित विधानसभा की विभिन्न समितियों में दायित्व निभाया। इसके बाद वर्ष 2013 से 2018 तक वे चौदहवीं विधानसभा के सदस्य भी रहे। वर्ष 2014 में उन्हें खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग का स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री बनाया गया, बाद में उपभोक्ता मामलों के मंत्री का दायित्व सौंपा गया। वर्ष 2016 में मंत्रिमंडल विस्तार के दौरान उन्हें मुद्रण एवं लेखन सामग्री, स्टेट मोटर गैराज और संपदा विभाग का मंत्री बनाया गया। साथ ही उनके पास सामान्य प्रशासन विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी रहा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शोक संदेश में कहा कि भाजपा राजस्थान के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री हेम सिंह भड़ाना का निधन अत्यंत दुखद है। उन्होंने जनहित और प्रदेश के विकास को सदैव प्राथमिकता दी और उनका निधन भाजपा परिवार तथा राजस्थान की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने भी अपने शोक संदेश में कहा कि भड़ाना ने अपने सार्वजनिक जीवन में जनहित, संगठन की मजबूती और राजस्थान के विकास को सर्वोपरि रखा। उनका निधन पार्टी और प्रदेश की राजनीति के लिए एक बड़ी क्षति है।

भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व कैबिनेट मंत्री हेम सिंह भड़ाना का निधन
ram


