नई दिल्ली। फरवरी 2026 से छह बड़े बदलाव लागू हो गए हैं। सिगरेट और तंबाकू उत्पाद महंगे हुए, फास्टैग में KYV वेरिफिकेशन अब जरूरी नहीं, कॉमर्शियल सिलेंडर ₹50 तक महंगा हुआ। एविएशन फ्यूल घटा, RBI की मीटिंग में ब्याज दर घट सकती है और संपत्ति रजिस्ट्री में आधार ऑथेंटिकेशन अनिवार्य कर दिया गया।
सिगरेट और तंबाकू उत्पादों की महंगाई
1 फरवरी से सिगरेट और तंबाकू उत्पादों पर 40% GST लागू हो गया है। बीड़ी पर GST 18% रखा गया है। एक्साइज ड्यूटी ₹2.05 से ₹8.5 प्रति स्टिक तक लागू होगी। इससे रिटेल मार्केट में कीमतों में 15% से 40% तक उछाल आने की संभावना है।
फास्टैग जारी करना अब आसान
नई कार, जीप और वैन के लिए फास्टैग जारी करते समय KYV वेरिफिकेशन अब जरूरी नहीं। केवल शिकायत मिलने पर ही जांच की जाएगी। पुराने फास्टैग धारकों को भी अब रूटीन वेरिफिकेशन की जरूरत नहीं होगी। इससे वाहन मालिकों का समय बचेगा।
कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़े
19 किलो वाले कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत 50 रुपए बढ़ गई है। दिल्ली में यह अब ₹1740.50 में मिलेगा और चेन्नई में ₹1899.50।
RBI की मीटिंग और ब्याज दरों की संभावना
4 से 6 फरवरी तक RBI की MPC मीटिंग होगी। संभावना है कि ब्याज दर 0.25% घटकर 5% हो सकती है। इससे लोन सस्ते होंगे और EMI में राहत मिलेगी।
एविएशन फ्यूल की कीमत घटने से हवाई टिकट सस्ते
तेल कंपनियों ने एविएशन फ्यूल की कीमत लगभग ₹1,000 प्रति किलोलीटर घटा दी है। दिल्ली में अब कीमत ₹91,393.39 प्रति किलोलीटर है। इसका फायदा हवाई यात्रियों को टिकट की कीमत कम होने के रूप में मिलेगा।
संपत्ति रजिस्ट्री में आधार वेरिफिकेशन अनिवार्य
उत्तर प्रदेश और कर्नाटक में संपत्ति रजिस्ट्री के लिए अब आधार ऑथेंटिकेशन अनिवार्य है। खरीदार, विक्रेता और गवाहों को बायोमेट्रिक मशीन पर अपनी पहचान करानी होगी। यह कदम फर्जीवाड़े और बेनामी संपत्तियों को रोकने के लिए उठाया गया है।



