निम्रत कौर ने पिता शहीद मेजर भूपेंद्र सिंह को भावुक श्रद्धांजलि दी

ram

मुंबई। मनोरंजन जगत में ऐसी कई अभिनेत्रियां हैं, जो आर्मी परिवार से ताल्लुक रखती हैं। अभिनेत्री निम्रत कौर भी उनमें से एक हैं। उनके पिता शहीद मेजर भूपेंद्र सिंह ने देश के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए थे। शुक्रवार को उनकी पुण्यतिथि है। इस मौके पर अभिनेत्री ने पिता को याद किया। दरअसल, अभिनेत्री के पिता शहीद मेजर भूपेंद्र सिंह को साल 1994 में कश्मीर में आतंकियों ने किडनैप कर लिया था। आतंकियों की नापाक डिमांड को पूरा करने से इंकार के बाद महज 44 साल की उम्र में उन्होंने अपने प्राणों को देश के लिए न्योछावर कर दिया था, जिसके लिए उन्हें मरणोपरांत शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया था। राजस्थान के श्रीगंगानगर में उनके गृहनगर में उनकी प्रतिमा स्थापित है, वहीं कश्मीर के उस इलाके में भी एक स्मारक बनाया गया है, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली थी।
निम्रत ने अपने पिता को याद किया और भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें और वीडियो शेयर किए। इसमें उनके पिता के पुराने दिनों की तस्वीरें और स्मारक की कुछ तस्वीरें शामिल हैं।
अभिनेत्री ने पोस्ट कर लिखा, “पापा को हमें छोड़े हुए 32 साल पूरे हो गए हैं। उन्होंने देश की सेवा में अपना बलिदान दिया था। वे एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखते थे और अपनी मेहनत से आगे बढ़े थे। साथ ही, वे एक बेहतरीन पिता, पति, और सबसे ऊपर एक निडर, शेरदिल सैनिक थे। उन्हें मौत से भी डर नहीं था। आखिरी पलों में भी उन्होंने आदम्य साहस दिखाया था।” अभिनेत्री ने भारतीय सेना और प्रशासन का आभार जताया था। उन्होंने लिखा, “मैं हमेशा सेना और प्रशासन की आभारी रहूंगी, जिन्होंने पापा के नाम को उनकी जन्मभूमि गंगानगर और कश्मीर की मिट्टी में अमर कर दिया। उनका बलिदान, साहस, संस्कार और हिम्मत आज भी साथी सैनिकों और हम सबकी यादों में जिंदा हैं।” अभिनेत्री ने आखिरी में लिखा, “आज पापा को बहुत याद कर रही हूं। मैं उन सभी सैनिकों के लिए प्रार्थना कर रही हूं, जिन्होंने देश के लिए अपनी जान दी। मुझे हमेशा गर्व रहेगा कि मैं मेजर भूपेंद्र सिंह की बेटी हूं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *