नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को दावोस पहुंचने से पहले एक तकनीकी परेशानी का सामना करना पड़ा। आज सुबह जब वह दावोस में आयोजित विश्व आर्थिक मंच (WEF) की बैठक में शामिल होने के लिए रवाना हुए, तभी उनके विमान में उड़ान भरने के कुछ समय बाद तकनीकी खराबी सामने आ गई। जानकारी के मुताबिक, टेक-ऑफ के बाद एयरफोर्स वन के क्रू को विमान में एक छोटी इलेक्ट्रिकल समस्या का पता चला। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तत्काल फैसला लिया गया और विमान को वापस जॉइंट बेस एंड्रयूज़ (JBA) लाया गया। इसके बाद राष्ट्रपति ट्रंप और उनके साथ मौजूद टीम ने दूसरे विमान से स्विट्जरलैंड के लिए उड़ान भरी। अधिकारियों के अनुसार, यह फैसला पूरी तरह एहतियात के तौर पर लिया गया था और राष्ट्रपति सुरक्षित हैं। फिलहाल तकनीकी खराबी की विस्तृत जांच की जा रही है।
किस विमान से यात्रा करते हैं अमेरिकी राष्ट्रपति?
अमेरिकी राष्ट्रपति आमतौर पर एयरफोर्स वन से यात्रा करते हैं, जो कि बोइंग 747 विमान का एक विशेष संस्करण है। राष्ट्रपति के लिए दो ऐसे विमान मौजूद हैं, जिनके कोड नंबर 28000 और 29000 हैं।एयरफोर्स वन को दुनिया के सबसे सुरक्षित विमानों में गिना जाता है। इसमें हवा में ही ईंधन भरने की क्षमता होती है और किसी आपात स्थिति में यह एक मोबाइल कमांड सेंटर के रूप में भी काम कर सकता है। विमान पर अमेरिका का राष्ट्रीय प्रतीक और झंडा भी अंकित होता है।
दावोस में हो रही है विश्व आर्थिक मंच की बैठक
स्विट्जरलैंड के दावोस में 20 से 24 जनवरी 2025 तक विश्व आर्थिक मंच (WEF) की वार्षिक बैठक आयोजित हो रही है। इस सम्मेलन में 50 से अधिक देशों के राष्ट्राध्यक्ष, सरकार प्रमुख और वैश्विक नेता हिस्सा ले रहे हैं।डोनाल्ड ट्रंप करीब छह साल बाद दावोस लौट रहे हैं। इससे पहले उन्होंने अपने पहले कार्यकाल के दौरान 21 जनवरी 2020 को यहां संबोधन दिया था।

स्विट्जरलैंड जा रहे ट्रंप के विमान में आई तकनीकी खराबी, दूसरे प्लेन से दावोस रवाना
ram


