चूरू। जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने गुरुवार सायं को जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन मैदान में चल रहे संभाग स्तरीय आरोग्य मेले के दौरान आयोजित सांस्कृति संध्या कार्यक्रम में शिरकत की। उन्होंने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस मौके पर संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आरोग्य मेले के माध्यम से आमजन को स्वास्थ्य जांच, परामर्श सहित अन्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इस प्रकार के आयोजन समाज के हर वर्ग तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने में सहायक होते हैं। उन्होंने आमजन से आग्रह किया कि वे इस अवसर का भरपूर लाभ उठाएं और अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहें।
सांस्कृतिक संध्या में लोक कलाकार कंचन सपेरा, सलमा सपेरा, गिरिराज एवं अंजली ग्रुप द्वारा पारंपरिक लोक नृत्य, भवाई नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी गई।
आयुर्वेद उपनिदेशक डॉ सत्यवीर सिंह ने आरोग्य मेले में दी जा रही सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 28 दिसंबर, 2026 तक मेले का आयोजन किया जाएगा तथा प्रतिदिन सायं को सांस्कृतिक संध्या आयोजित की जाएगा। इस अवसर पर डॉ कमल वशिष्ठ ने मांड गायन पर प्रस्तुति दी।
इस दौरान निवर्तमान उप जिला प्रमुख महेंद्र न्यौल, सुरेश सारस्वत, सीपी शर्मा, श्रीराम पीपलवा, डॉ मनीष शर्मा, डॉ संजय तंवर, डॉ ओम प्रकाश, डॉ निरंजन चिरानिया सहित अन्य मौजूद रहे। संचालन डॉ कमल वशिष्ठ ने किया।



