जयपुर: राजस्थान आवासन मंडल के नव-नियुक्त अभियंताओं के लिए दो दिवसीय तकनीकी कार्यशाला का शुभारंभ

ram

जयपुर। राजस्थान आवासन मंडल में नव-नियुक्त लगभग 100 से अधिक अभियंताओं को आधुनिक एवं व्यावहारिक अभियांत्रिक प्रशिक्षण प्रदान करने के उद्देश्य से दो दिवसीय क्षमता संवर्धन कार्यशाला का आयोजन 18–19 दिसम्बर को राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (RIC), जयपुर में किया जा रहा है। इस कार्यशाला का विधिवत शुभारंभ गुरुवार को प्रातः 10 बजे RIC सभागृह में नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री श्री झाबर सिंह खर्रा द्वारा किया गया। कार्यशाला का आयोजन RAJREDCO द्वारा भारत सरकार के आवास एवं शहरी विकास मंत्रालय के उपक्रम BMTPC के तकनीकी सहयोग से किया जा रहा है। उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए मंत्री श्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि तेजी से बदलते शहरी परिदृश्य में अभियंताओं की भूमिका केवल निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें सुरक्षित, टिकाऊ, ऊर्जा-दक्ष एवं किफायती आवास की अवधारणाओं को व्यवहार में उतारना होगा। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम अभियंताओं को नवीन तकनीकों से जोड़ने के साथ-साथ परियोजनाओं की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने में सहायक सिद्ध होंगे। राजस्थान सरकार द्वारा आवासन मण्डल के माध्यम से विभिन्न आए वर्ग के लिए आवास प्रदान के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इस अवसर पर राजस्थान आवासन मंडल के अध्यक्ष, प्रमुख शासन सचिव, नगरीय विकास विभाग श्री देवाशीष पृष्ठी तथा आवासन आयुक्त डॉ. रश्मि शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए प्रशिक्षण को संगठनात्मक क्षमता निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। कार्यशाला के दौरान BMTPC के विशेषज्ञों द्वारा आधुनिक भवन निर्माण सामग्री, नवीन निर्माण तकनीक, लागत प्रभावी समाधान एवं पर्यावरण अनुकूल प्रथाओं पर तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिससे अभियंताओं को राष्ट्रीय स्तर की सर्वोत्तम तकनीकी जानकारी प्राप्त होगी। कार्यक्रम में मंडल के उप सचिव डॉ अशोक कुमार, मुख्य अभियंता श्री अमित अग्रवाल,श्री टीएस मीणा, श्री प्रतीक श्रीवास्तव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, तकनीकी विशेषज्ञ एवं नव-नियुक्त अभियंता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *