जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशानुसार सक्षम जयपुर अभियान एवं बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत जयपुर जिले के प्रत्येक उपखंड पर नारी चौपाल आयोजित की जा रही है। इसी कड़ी में दूसरी नारी चौपाल 14 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे से 2 बजे तक आमेर पंचायत समिति के खोरा मीणा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में होगी। जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने इसके सफल आयोजन के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी हैं एवं आयोजन में अधिक से अधिक महिलाओं एवं बालिकाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं भारतीय प्रशासनिक सेवा के प्रशिक्षु अधिकारी मृणाल ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को सशक्त एवं जागरूक बनाना है। नारी चौपाल में महिलाओं को सरकार की योजनाओं, अधिकारों और कल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी जाने के साथ ही उनकी समस्याओं और सुझावों को भी सुना जाता है, मौके पर समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाता है। महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक डॉ. राजेश डोगीवाल ने बताया कि चौपाल में नुक्कड़ नाटक, मारवाड़ी गीत, आत्मरक्षा प्रशिक्षण सहित अन्य गतिविधियां आकर्षण का केन्द्र रहेंगी। वहीं, अतिथियों द्वारा प्रतियोगिताओं की विजेताओं को सम्मानित भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नारी चौपाल के माध्यम से समाज में लिंगानुपात सुधार, महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा महिला सशक्तीकरण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर संवाद किया जाएगा। इसके लिए केंद्र और राज्य सरकार की ओर से संचालित योजनाओं, नियमों और अधिनियमों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा ताकि समतामूलक समाज का निर्माण हो सके। चौपाल में महिला एवं बाल विकास, चिकित्सा, शिक्षा, पुलिस, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे। ये अधिकारी महिलाओं के साथ सीधा संवाद कर उन्हें स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा, पोषण, स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता जैसे विषयों पर जागरूक करेंगे। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को प्रेरित करने के लिए सफलता की कहानियाँ और अनुभव भी साझा किए जाएंगे। साथ ही, चौपाल स्थल पर योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए सहायता काउंटर भी लगाए जाएंगे ताकि महिलाओं को मौके पर ही आवश्यक जानकारी और सहयोग मिल सके। नारी चौपाल महिलाओं के लिए केवल संवाद का मंच नहीं, बल्कि यह उन्हें आत्मविश्वास, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन देने का अवसर भी है। इससे महिलाओं तक सरकार की योजनाएं अधिक प्रभावी ढंग से पहुँचती है और समाज में उनकी भागीदारी और अधिक मजबूत होती है। नारी चौपाल श्रृंखला से जिले की हजारों महिलाओं को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। यह पहल महिला सशक्तीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव सिद्ध होगी। गौरतलब है कि सक्षम जयपुर अभियान के तहत पहली नारी चौपाल गत 24 सितंबर 2025 को जालसू पंचायत समिति में लगी थी जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं और बालिकाओं ने भागीदारी की थी।

जयपुर: सक्षम जयपुर अभियान एवं बेटी पढ़ाओ-बेटी बचाओ अभियान के तहत आमेर के खोरा मीणा में मंगलवार को ’नारी चौपाल’ – जिले के सभी उपखण्डों में चरणबद्ध रूप से हो रहा नारी चौपाल का आयोजन
ram