धरियावद। धरियावद प्रादेशिक वन रेंज के अंतर्गत अवैध लकड़ी तस्करी पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे “जंगल बचाओ अभियान” के तहत एक बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया गया।
यह कार्यवाही उप वन संरक्षक प्रतापगढ़ हरि किशन सारस्वत एवं वन संरक्षक बांसी दिलीप सिंह गॉड के निर्देशन में की गई। उनके सख्त निर्देशों की पालना में धरियावद रेंजर रामलाल भील के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने गश्त के दौरान खैर की लकड़ी से भरी एक पिकअप गाड़ी को धर दबोचा। सूत्रों के अनुसार, उदयपुर-बांसी मार्ग पर गश्त के दौरान एक संदिग्ध पिकअप वाहन को जंगल के पास देखा गया। टीम द्वारा रुकवाने का प्रयास करने पर चालक वाहन लेकर भागने लगा, जिसे फिल्मी स्टाइल में पीछा कर रोका गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें खैर की गीली लकड़ी भरी हुई पाई गई।
वाहन में सवार दोनों आरोपियों — चालक कन्हैयालाल एवं उसका साथी प्रवीण, निवासी डूगला — को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पिकअप वाहन (RJ 20 GB 3375) को जब्त करते हुए राजस्थान वन अधिनियम, 1953 के तहत विभागीय कार्यवाही शुरू की गई है। इस अभियान में प्रमोद तेली (वनपाल), महेन्द्र सिंह चौहान (सहायक वनपाल), विजय सिंह (वनरक्षक), गोविंद गवारिया (वनरक्षक) और कीर्तिन लबाना (वनरक्षक) की विशेष भूमिका रही। इन अधिकारियों के त्वरित व साहसिक प्रयासों से वन संपदा की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकी। इस संबंध में जानकारी सहायक वनपाल पवन मेघवाल, रेंज धरियावद द्वारा दी गई।

धरियावद वन विभाग की बड़ी कार्यवाही, अवैध रूप से खैर की लकड़ी ले जा रहे वाहन को पकड़ा, दो आरोपी गिरफ्तार
ram


