टेक्सास में बाढ़ से अब तक 100 मौत, संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने जताया दुख

ram

यूनाइटेड नेशंस। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस अमेरिका के टेक्सास राज्य में बाढ़ के कारण हुई मौतों से दुखी हैं। महासचिव के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने कहा, “संयुक्त राष्ट्र महासचिव को टेक्सास में हाल ही में आई बाढ़ के कारण जानमाल के नुकसान, खासकर बड़ी संख्या में बच्चों की मौत पर गहरा दुख है। यह त्रासदी उस समय हुई, जब हॉलिडे वीकेंड के दौरान उत्सव का माहौल होना चाहिए था।” प्रवक्ता ने कहा, “गुटेरेस ने पीड़ितों के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है और प्रभावित सभी लोगों, टेक्सास के नागरिकों और अमेरिका सरकार के साथ एकजुटता जताई है।” अधिकारियों के मुताबिक अमेरिका के टेक्सास में अचानक आई बाढ़ से मरने वालों की संख्या 100 से अधिक हो गई है, जबकि कई लोग लापता भी हैं। ‘बीबीसी’ की रिपोर्ट के अनुसार, राहत और बचाव दल की टीमें नदी के किनारों पर अभियान चला रही हैं, जो कीचड़ से भरे पड़े हैं। वहीं, इस क्षेत्र में अभी भी बारिश और तूफान की आशंका जताई जा रही है। त्रासदी के चार दिन बीत जाने के बाद जीवित बचे लोगों के मिलने की उम्मीदें अब धुंधली हो रही हैं। कैंप मिस्टिक, जो एक ईसाई लड़कियों का समर कैंप है, उसने कम से कम 27 लड़कियों और स्टाफ सदस्यों के इस आपदा में मारे जाने की पुष्टि की है। अब भी 10 लड़कियां और एक कैंप काउंसलर लापता हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *