ब्यावर : महिलाओं को हिंसा से राहत, आत्मबल, कानूनी मदद व सामाजिक पुनर्वास मिलें

ram

– महिलाओं की समस्याओं के समाधान का सशक्त माध्यम महिला सुरक्षा एवं सलाह केन्द्र
ब्यावर। जिला कलेक्टर डॉ. महेंद्र खडगावत ने बताया कि जनसुनवाई और आम दिनों में भी महिलाओं से संबंधित समस्याएं बड़ी संख्या में सामने आती हैं, जिनमें घरेलू हिंसा, पारिवारिक विवाद, मानसिक उत्पीडऩ, सामाजिक उपेक्षा व कानूनी असहायता शामिल हैं। ऐसी स्थिति में यह जरूरी हो जाता है कि आमजन, विशेषकर महिलाएं, यह जानें कि उनके लिए सरकार द्वारा महिला सुरक्षा एवं सलाह केन्द्र जैसी सुविधा उपलब्ध करवाई गई है, जहां वे बिना किसी डर या संकोच के सहायता प्राप्त कर सकती हैं। जिला ब्यावर में सिटी पुलिस थाना ब्यावर एवं पुलिस थाना मसूदा में संचालित महिला सुरक्षा एवं सलाह केन्द्र इसी उद्देश्य से कार्यरत है कि महिलाओं को हिंसा से राहत, आत्मबल, कानूनी सहयोग एवं सामाजिक पुनर्वास मिल सके। यह केन्द्र उन सभी महिलाओं और लड़कियों के लिए एक सुरक्षित स्थान है, जो किसी भी प्रकार की हिंसा या मानसिक तनाव का सामना कर रही हैं। यह केन्द्र किसी भी जाति, धर्म, उम्र की महिला, लडक़ी, बच्चा और ज़रूरत होने पर पुरुषों को भी मदद प्रदान करता है।
हिंसा क्या है?- अपमान, गाली, डराना, जबरदस्ती, दहेज प्रताडऩा, जमीन से वंचित करना, बच्चों से दूर रखना, चरित्र पर शक, शारीरिक, मानसिक, यौन हिंसा, वैवाहिक बलात्कार या घरेलू उत्पीडऩ यह हिंसा व कानुनी अपराध है।
यहां मिलती है ये मदद- परामर्श और कानूनी सलाह, मानसिक सहयोग, पुलिस कार्रवाई और डॉक्टरी जांच में मदद, गुजारे भत्ते, तलाक, समझौते में सहयोग, सरकारी योजनाओं से जुड़ाव, रहने व रोजगार की व्यवस्था।
कब और कैसे पहुंचे- सोमवार से शनिवार, समय सुबह 10 से शाम 5 बजे तक, संपर्क के तरीके- व्यक्तिगत रूप से आकर, लिखित पत्र/कागज के माध्यम से, फोन पर सूचना देकर।
संपर्क विवरण- महिला सुरक्षा एवं सलाह केन्द्र, ब्यावर प्रतिभा सलोतरी (सामाजिक परामर्श दात्री) –8824974699, शानू प्रजापत (विधिक परामर्श दात्री) – 9660468988. महिला सुरक्षा एवं सलाह केन्द्र, मसूदा- सीमा वैष्णव (सामाजिक परामर्श दात्री) –7891884246, पूजा रावत (विधिक परामर्श दात्री) –7976309004. यह केन्द्र पूरी तरह नि:शुल्क है और महिलाओं के आत्मसम्मान व सुरक्षा के लिए एक सशक्त माध्यम बन रहा है। डॉ. खडगावत ने सभी महिलाओं से अपील की है कि वे इस केन्द्र की जानकारी अधिक से अधिक साझा करें ताकि पीड़ित महिलाएं अपने अधिकारों के लिए आवाज़ उठा सकें और सम्मानपूर्वक जीवन जी सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *