झालावाड़। महिला एवं बाल विकास विभाग के तहत जिला स्तरीय निगरानी तथा समीक्षा समिति की बैठक शनिवार को जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में मिनी सचिवालय के सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जिला कलक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों तथा समस्त एलएस, आशा सहयोगिनी, सहायिकाओं एवं कार्यकर्ताओं से कहा कि जिले में विभाग के तहत संचालित सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों पर मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि केन्द्रों पर बच्चों को नियमित रूप से समय पर पोषाहार का वितरण हो तथा निर्धारित कैलेण्डर अनुसार विभिन्न विभागीय गतिविधियों का आयोजन किया जाए। जिला कलक्टर ने कहा महिला एवं बाल विकास विभाग के उप निदेशक को निर्देशित किया कि नियमित रूप से सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों का निरीक्षण करें एवं मानिटरिंग करें। साथ ही सभी एलएस व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से परस्पर संवाद कायम कर केन्द्रों की समस्याओं के संबंध में नियमित चर्चा करें।
इस दौरान जिला कलक्टर ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना व मुख्यमंत्री मातृत्व पोषण योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए योजनान्तर्गत कार्यों में प्रगति लाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने आंगनबाड़ी केन्द्रों के भवन निर्माण व मरम्मत की जानकारी लेते हुए नए भवनों के निर्माण में प्रगति लाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों दिए। साथ ही जिन केन्द्रों के भवन जीर्ण-शीर्ण स्थिति में हो उनकी सूची उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर सत्यनारायण आमेटा, महिला एवं बाल विकास विभाग के उप निदेशक सत्यनारायण नवारिया, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक हेमराज पारेता, महिला अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक शैलेष कुमार सहित समस्त सीडीपीओ व एलएस उपस्थित रही।

जिला स्तरीय निगरानी तथा समीक्षा समिति की बैठक
ram


