बूंदी। राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) के सामुदायिक जागरूकता एवं जनसहभागिता कार्यक्रम अन्तर्गत गुरूवार को जल मल शोधन संयंत्र, रामगंज बालाजी पर विश्व श्रमिक दिवस मनाया गया। आरयूआईडीपी की अधिशाषी अभियंता सोनम शर्मा के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य श्रमिकों को उनके अधिकारों और कार्यस्थल पर सुरक्षा के महत्व के बारे में जागरूक करना था।
अधिशाषी अभियंता सोनम शर्मा ने मजदूर दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह दिन श्रमिकों के अमूल्य योगदान और समाज पर उनके प्रभाव को सम्मानित करने का अवसर है। उन्होंने सभी से श्रमिकों के कल्याण के लिए संकल्पित होकर कार्य करने की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
आरयूआईडीपी के कनिष्ठ अभियंता कृष्णमुरारी ने भारत के विकास में श्रमिकों के मेहनत और संघर्ष की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि श्रमिकों की तरक्की हमारी जिम्मेदारी है और उनकी प्रगति में ही देश की उन्नति निहित है। उन्होंने श्रमिकों को अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए उनके अथक परिश्रम की सराहना की।
कार्यक्रम में कैप-आरयूआईडीपी के सचिन मुदगल ने श्रमिक सुरक्षा पर जोर देते हुए कहा कि सुरक्षा ही जीवन है। उन्होंने सभी श्रमिकों से कार्यस्थल पर सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य रूप से उपयोग करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि छोटी सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है, इसलिए सुरक्षा उपकरणों के बिना कोई भी कार्य नहीं किया जाना चाहिए।
कार्यक्रम में नरेश महावर, अभिषेक गौतम, हर्ष शर्मा, हरीश सैनी, संवेदक फर्म से लाल सिंह, अनूप सिंह, पंकज जोशी, लवेश, बबीता, भुवनेश शर्मा और नीलम श्रीमाली ने सक्रिय भूमिका निभाई। इन सभी ने श्रमिकों को उनके अधिकारों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में श्रमिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।



