पूर्व पीएम राजीव गांधी ने 21वीं सदी के भारत का सपना देखा, लेकिन साकार करने के लिए नहीं बनाया रोडमैप : डॉ मनसुख मांडविया

ram

जयपुर। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि 2014 में मोदी जी के नेतृत्व में एक नई कार्यशैली विकसित हुई है। सरकार द्वारा बनाए जा रहे बजट में दूरदर्शी सोच रखते हुए सर्वस्पर्शी, सर्व समावेशी और समग्र विकास को शामिल किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले दस सालों में देश को एक नई दिशा देने का कार्य किया है। आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमृत महोत्सव काल के दौरान 2047 तक विकसित भारत का सपना देश के सामने रखा और उस सपने को साकार करने की दिशा में रोडमैप भी तैयार कर देश की 140 करोड़ जनता के सामने रखा। केंद्र सरकार की ओर से तैयार किए जा रहे बजट में विकसित भारत के सपने को गति प्रदान करने की कार्यशैली देखने को मिल रही है।

केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि 1985 में राजीव गांधी ने 21वीं सदी की बात कहीं थी,लेकिन बिना कार्य योजना या फिर रोडमैप के उनका सपना सपना ही रह गया। वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2022 में लाल किले से देश के सामने विकसित भारत 2047 के सपने को रखा और इसे साकार करने के लिए रोडमैप भी बताया। उन्होंने कहा था कि देशवासियों को पांच संकल्प लेने चाहिए। इसमें गुलामी की प्रतिकों का त्याग करने,विरासत से प्रेरणा लेने, देश के प्रत्येक नागरिक के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ने, सामाजिक—आर्थिक सुरक्षा का माहौल देने और राष्ट्र प्रथम की भावना से कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि आज देश में रोजगार बढ़ा है। युवाओं के हाथ में रोजगार है और इससे देशवासियों का जीवन स्तर में सुधार हुआ है। महिलाओं में रोजगार के अवसर बढ़े है। यूपीए सरकार के कार्यकाल में पहले बेरोजगारी 6 प्रतिशत थी, जबकि आज देश में बेरोजगारी की दर 3.2 प्रतिशत रह गई है। इसी तर्ज पर महंगाई भी पहले छह प्रतिशत थी, जो आज कम हुई है। पहले युवा बेरोजगारी 17—18 प्रतिशत थी, जो आज कम होकर 10 प्रतिशत पर आ गई। आज देश में 56 फीसदी महिलाएं रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ रही है। मोदी जी के नेतृत्व में 10 साल में देश बदला है और नए भारत का निर्माण हो रहा है। 2004 से 2014 तक एक दशक में मात्र 4 करोड़ लोगों को रोजगार दिए गए है जबकि वर्ष 2014 से 2024 तक 17 करोड़ नए रोजगार निर्माण कर लोगों को नौकरी दी गई है। एक दशक में 8 करोड लोग ईपीएफओ में रजिस्टर्ड हुए है।

केंद्रीय मंत्री डॉ मनसुख मांडविया ने कहा कि केंद्रीय बजट सिर्फ घोषणा ही नहीं है बल्कि मोदी सरकार का संकल्प है। पूर्ववर्ती सरकार द्वारा बजट में की गई 1200 से अधिक घोषणाएं तो धरातल पर उतरी तक नहीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हर वर्ष का बजट सर्वस्पर्शी विकास का सुनिश्चित करने वाला है। इतना ही नहीं, इस बजट में मध्यम वर्ग की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। मध्यम वर्ग की आय बढ़ाने के लिए मोदी सरकार ने 10 साल में कोई नया टैक्स नहीं लगाया। जीएसटी से टैक्स का स्लैब कम हुआ, लेकिन देश की इनकम में बढ़ोतरी हुई है। 2014 की तुलना में देश का बजट 3 गुणा बढ़ा है, सरकार की आय भी बढ़ी है और विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए देश के इंफ्रास्ट्र्रक्चर पर विशेष ध्यान दे रहे है। 2014 में देश के इन्फ्रास्ट्रक्चर पर 1 लाख 80 हजार करोड़ ही खर्च हो रहा था, जबकि आज देश के इन्फ्रा पर 11.50 लाख करोड़ खर्च किए जा रहे है। देश का इन्फ्रास्ट्रक्चर मजबूत होगा तो निवेश आएगा और रोजगार बढ़ेगा। राष्ट्रीय राजमार्ग को डवलप करने से उद्योग और इन्वेस्टमेंट के लिए योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। देश में सामाजिक सुरक्षा के लिए कार्य किया जा रहा है। केंद्र सरकार ने बजट में इनकम टैक्स में 12 लाख तक छूट देकर मध्यम वर्ग को राहत प्रदान की है।

केंद्रीय मंत्री डॉ मनसुख मांडविया ने कहा कि केंद्र सरकार ने एमएसएमई कुटीर उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रावधान किए है, वहीं एक करोड़ लोगों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने का भी प्रयास किया है। वहीं दूसरी ओर 60 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत योजना में शामिल किया गया। मोदी सरकार की ओर से पेश किया जा रहा बजट हेल्थी इकॉनोमी की ओर देश का ले जा रहा है। मोदी सरकार ने मेड इन इंडिया, मेक इन इंडिया शुरू किया। विदेशों से आयात करने की बजाय देश में ही उपकरण और दवाईयां बनाने पर कार्य किया गया। कृषि और शिक्षा के क्षेत्र में बजट बढ़ाया गया, यह बजट लॉन्ग टाइम विजन के साथ एक साल की कार्य योजना है, एक साल का रोड मैप है। मोदी के नेतृत्व में देश में शुद्ध और स्थिर अर्थ तंत्र का निर्माण किया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री डॉ मनसुख मांडविया ने राजस्थान को लेकर कहां कि राजस्थान में अपार संभावनाएं है। खनन क्षेत्र में अपार संभावनाओं को देखते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दिल्ली में चर्चा भी की। मुख्यमंत्री शर्मा प्रदेश की खनन क्षेत्र में अपार क्षमताओं को देखते हुए जागरूक है।
प्रेसवार्ता के दौरान मंच पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी,प्रदेश महामंत्री संतोष अहलावत, प्रदेश मंत्री भूपेंद्र सैनी, विजेंद्र पूनिया, प्रदेश मीडिया संयोजक प्रमोद वशिष्ठ, जयपुर शहर जिलाध्यक्ष अमित गोयल उपस्थित रहे।

डॉ मांडविया ने प्रेसवार्ता से पूर्व भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रबुद्धजन सम्मेलन को भी संबोधित किया। डॉ मांडविया ने प्रबुद्धजनों के साथ चर्चा करते हुए केंद्र और राज्य सरकार के बजट को जनहितैषी और लोककल्याणकारी बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की डबल इंजन सरकार ने विकसित राजस्थान के सपने के लिए बजट तैयार किया है, इस बजट में हर वर्ग, हर समुदाय को जगह दी गई है। प्रबुद्धजन सम्मेलने में इस दौरान मंच पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड के साथ पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी, जयपुर सांसद मंजू शर्मा, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नारायण पंचारिया, नाहर सिंह जोधा, विधायक गोपाल शर्मा, प्रदेश मंत्री भूपेंद्र सैनी, उप महापौर पुनीट कर्नावट और जयपुर शहर जिला अध्यक्ष अमित गोयल उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *