चित्तौड़गढ़। राजस्थान सरकार के वित्त विभाग के विशिष्ट शासन सचिव वरिष्ठ आईएएस टीकम बोहरा ने कहा कि साहित्य का उद्देश्य हमारी अनुभूतियो की तीव्रता को बढाना है। साहित्य में विषय को सीमित रूप में नही देखा जाता है बल्कि उसके विस्तृत रूप को विश्लेषित किया जाता है।
बोहरा जयपुर से आकर आज यहां स्काउट गाइड जिला मुख्यालय में यूथ मूवमेंट राजस्थान के तत्वावधान में आयोजित चित्तौड़गढ़ साहित्य उत्सव- 2025 के तीसरे दिन संस्कृत सत्र के मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि चित्तौड़गढ़ साहित्य उत्सव में लोगों में साहित्य और संस्कृति के प्रति प्रेम जगाने, लेखकों की किताबों को बढ़ावा देने और लुप्त होती कलाओं के प्रचार-प्रसार का एक सफल प्रयास किया गया है।
संस्कृत सत्र में डॉ. अवधेश जौहरी, डॉ योगेश दाधीच, विष्णु सांगावत और डॉ कमलकांत व्यास ने भाग लिया। इससे पहले वर्तमान शिक्षा नीति और भारत का भविष्य विषय पर आयोजित शिक्षा सत्र में गर्ल्स काॅलेज के प्राचार्य गौतम कुकड़ा, पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी डाॅ. कल्याणी दीक्षित, सैट्रल अकादमी स्कूल के प्राचार्य परेश नागर, बिरला शिक्षा केन्द्र की प्राचार्य डाॅ. रेखा यादव और मेवाड़ यूनिवर्सिटी की डीन डाॅ. सोनिया सिंगला ने अपने विचार व्यक्त किये। हिंदी सत्र में हिंदी और हमारा समय विषय पर डाॅ. एस.एन.व्यास, डाॅ. राजेन्द्र कुमार सिंघवी, डाॅ. सी.एल.महावार और डाॅ. कनक जैन ने विषय प्रतिपादित किया।
लेखक स्वर्गीय जयशिव व्यास श्रीमाली के काव्य संग्रह कालजयी कलम पुस्तक पर शिव मृदुल, रमेश मंयक और अब्दुल जब्बार ने चर्चा कर किताब को युवाओं के लिए जरूरी बताया। पत्रकारिता में नवीन साइबर चुनौतियां विषय पर बोलते हुए दिल्ली दूरदर्शन के संपादक डाॅ.ओ.पी.यादव ने कहा कि जैसे-जैसे दुनिया डिजिटलीकरण के क्षेत्र में आगे बढ़ रही है, साइबर हमलों का खतरा भी बढ़ता जा रहा है। पत्रकारिता सत्र मे विशाल शर्मा जयपुर , अनिल सक्सेना, भुवनेश व्यास और शकुंतला सरूपरिया ने अपने विचार व्यक्त किये।
चित्तौड़गढ़ साहित्य उत्सव में आयोजित कठपुतली शो को देख छात्र-छात्राएं खुश हुए। साहित्य उत्सव में लगी विभिन्न पुस्तक स्टाॅलों पर बच्चों की भीड़ लगी रही और बच्चों ने रूचि लेकर किताबें खरीदी। सैनिक स्कूल के प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया और मेजर सी श्रीकुमार ने सैनिक स्कूल के छात्र-छात्राओं के साथ साहित्य उत्सव का अवलोकन किया और पुस्तकें खरीदी। यूथ मूवमेंट राजस्थान के संस्थापक अध्यक्ष शाश्वत सक्सेना और समन्वयक शांति सक्सेना ने अतिथियों का स्वागत किया और चित्तौड़गढ़ साहित्य उत्सव के संयोजक साहित्यकार अनिल सक्सेना ने आभार प्रकट किया। संचालन डाॅ. शकुंलता सरूपरिया उदयपुर और राखी सिंह कटियार बड़ोदरा ने किया।