जिला कलक्टर ने किया शेरगढ़ क्षेत्र के स्कूल और उप स्वास्थ्य केन्द्र का औचक निरीक्षण

ram

जोधपुर। जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल बुधवार को शेरगढ़ क्षेत्र के निरीक्षण पर रहे। इस दौरान उन्होंने राजकीय प्राथमिक विद्यालय, शिव मंदिर पुरोहितों की ढाणी चाबा एवं उप स्वास्थ्य केंद्र भोम सागर का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल ने शेरगढ़ क्षेत्र के राजकीय प्राथमिक विद्यालय, शिव मंदिर पुरोहितों की ढाणी चाबा का भी निरीक्षण कर शैक्षणिक और आधारभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय में छात्रों की उपस्थिति, शिक्षण पद्धति और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की और सुधार के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। इस दौरान जिला कलक्टर अग्रवाल ने प्रबोधक सुखदेव प्रसाद बेरवा द्वारा बच्चों को दी जा रही शिक्षा पर संतोष व्यक्त किया एवं बच्चों को गुणवतापूर्ण शिक्षा के लिए प्रेरित किया। साथ ही, बच्चों से संवाद कर उनके ज्ञान की परख की। इस दौरान उन्होंने स्कूल की साफ सफाई, पेयजल व्यवस्था, स्कूल के कक्षों, शौचालयों, भोजनशाला सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
उप स्वास्थ्य केंद्र भोम सागर शेरगढ़ का किया निरीक्षण
जिला कलक्टर अग्रवाल ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर उप स्वास्थ्य केंद्र भोम सागर शेरगढ़ का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ओपीडी लेबोरेट्री, ड्रेसिंग रूम, सामान्य वार्ड सहित सभी वार्डों का निरीक्षण कर वहां की साफ सफाई एवं अन्य व्यवस्थाएं देखी। साथ ही, उन्होंने उप स्वास्थ्य केन्द्र में पेयजल व्यवस्था, साफ-सफाई और अन्य आधारभूत सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया। इसके साथ ही, स्वास्थ्य केन्द्र पर मरीजों के लिए उपलब्ध निशुल्क दवाइयों की जानकारी ली। जिला कलक्टर अग्रवाल ने उप स्वास्थ्य केन्द्र की स्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया और उप स्वास्थ्य केंद्र में किसी भी तरह की कमी को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।
ये रहे उपस्थित
निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. धीरज कुमार सिंह, आईएएस प्रशिक्षु अक्षत कुमार सिंह, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी सीमा शर्मा, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी प्रवीण प्रकाश चौहान, मुख्य चिकित्सा अधिकारी ग्रामीण डॉ. प्रताप सिंह राठौड़ सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *