प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को रूस और ऑस्ट्रिया की तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर रवाना हुए। 22वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए राष्ट्रपति पुतिन के निमंत्रण पर पीएम मोदी 8 से 9 जुलाई तक मॉस्को में रहेंगे। फरवरी 2022 में मॉस्को द्वारा यूक्रेन पर आक्रमण के बाद यह मोदी की पहली रूस यात्रा होगी। रूस के बाद पीएम मोदी ऑस्ट्रिया जाएंगे, जहां वह राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वान डेर बेलेन से मिलेंगे और चांसलर कार्ल नेहमर से बातचीत करेंगे। एक्स पर एक पोस्ट में विदेश मंत्रालय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रूस और ऑस्ट्रिया की दो देशों की यात्रा पर निकल रहे हैं। यात्रा का पहले चरण में 22वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए मॉस्को जाएंगे। रूस में अपने कार्यक्रमों के बाद, प्रधान मंत्री मोदी 9-10 जुलाई को ऑस्ट्रिया के लिए रवाना होंगे। यह यात्रा एक ऐतिहासिक अवसर है। यह पहली बार होगा जब कोई भारतीय प्रधान मंत्री 41 वर्षों में ऑस्ट्रिया का दौरा करेगा।
पुतिन के साथ संबंधों की समीक्षा के लिए उत्सुक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी रूस यात्रा से पहले कहा कि वह अपने ‘मित्र’ रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ द्विपक्षीय सहयोग के सभी पहलुओं की समीक्षा करने के लिए उत्सुक हैं। पीएम मोदी ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ द्विपक्षीय सहयोग के सभी पहलुओं का आकलन करने और विभिन्न क्षेत्रीय और वैश्विक मामलों पर विचारों का आदान-प्रदान करने की उत्सुकता व्यक्त की। भारत का लक्ष्य शांतिपूर्ण और स्थिर क्षेत्र में योगदान देना है। भारत और रूस के बीच विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी पिछले दस वर्षों में आगे बढ़ी है, जिसमें ऊर्जा, सुरक्षा, व्यापार, निवेश, स्वास्थ्य, शिक्षा, संस्कृति, पर्यटन और लोगों से लोगों के आदान-प्रदान के क्षेत्र शामिल हैं।