मुख्यमंत्री को गुमराह कर सरकारी खजाने को लूट रहे अधिकारी: भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर

ram

उत्तर प्रदेश की लोनी विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक नंद किशोर गुर्जर ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि अधिकारी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गुमराह कर सरकारी खजाने को लूट रहे हैं। उन्होंने यहां संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा, “अधिकारी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गुमराह कर सरकारी खजाने को लूट रहे हैं। मुख्य सचिव ने तंत्र-मंत्र कर महाराज जी (योगी आदित्यनाथ) का दिमाग बांध दिया है। मुख्य सचिव दुनिया के सबसे भ्रष्ट अधिकारी हैं।” नंद किशोर गुर्जर ने आरोप लगाया, “अधिकारियों ने अयोध्या में जमीनें लूटी हैं।” फटे कुर्ते में संवाददाताओं के सामने आए भाजपा विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने उनके कपड़े फाड़े हैं।

विधायक ने कहा कि बृहस्पतिवार को लोनी की महिलाएं ‘राम कलश यात्रा’ निकाल रही थीं लेकिन पुलिस ने यात्रा को रोकने की कोशिश की, जिससे हालात बिगड़ गये। अपर पुलिस आयुक्त (अंकुर विहार) अजय कुमार सिंह ने बताया कि विधायक और उनके समर्थक बिना किसी अनुमति के यात्रा निकालने की कोशिश कर रहे थे। वहीं दूसरी ओर विधायक ने दावा किया कि लोनी के उपजिलाधिकारी की अनुमति के लिए आवेदन दिया गया था। गुर्जर ने कहा कि राम कलश यात्रा पारंपरिक है और इस वर्ष से पहले कभी भी आयोजकों ने इसकी अनुमति नहीं ली। भाजपा विधायक ने अपनी ही पार्टी की सरकार पर हमला करते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में बड़े पैमाने पर गोहत्याएं हो रही हैं और पुलिस फर्जी मुठभेड़ों में लोगों की हत्या कर रही है। उन्होंने एक वीडियो में गुर्जर समाज से यातायात जाम न करने और हर जगह शांति बनाए रखने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *